Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब गोहाना के सिविल अस्पताल में होंगी सिजेरियन डिलीवरी, महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत

    Updated: Mon, 21 Jul 2025 10:48 AM (IST)

    गोहाना के नागरिक अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी फिर से शुरू हो गई है जो एक साल से बंद थी। गायनोकालोजिस्ट की प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी होने पर उनकी वापसी से यह संभव हुआ। पहले मरीजों को रेफर करना पड़ता था जिससे परेशानी होती थी। अब अस्पताल में मुफ्त सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है जिससे क्षेत्र की महिलाओं को राहत मिलेगी।

    Hero Image
    सिजेरियन डिलीवरी करते चिकित्सक की प्रतीकात्मक तस्वीर। सौजन्य- (Meta AI)

    जागरण संवाददाता, गोहाना। नागरिक अस्पताल गोहाना में अब सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा दोबारा शुरू कर दी गई। गायनोकालोजिस्ट प्रतिनियुक्ति पर रोहतक जाने से यहां एक साल से सिजेरियन डिलीवरी बंद थी।

    उनकी प्रतिनियुक्ति की अवधि पूरी हो गई और वे वापस लौट आईं। इससे फिर से यहां पर सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे क्षेत्र की महिलाओं को राहत मिली और सिजेरियन डिलीवरी के लिए गर्भवतियों को अब रेफर नहीं करना पड़ेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नागरिक अस्पताल में पहले सिजेरियन डिलीवरी होती थी। यहां पर गायनोकालाजिस्ट डा. निशा पहाड़िया सेवाएं दे रही थीं। आपरेशन में एनेस्थिसिया के चिकित्सक डा. नरेश भी सहयोग करते थे। यहां पर प्रति माह 10-12 सिजेरियन डिलीवरी कराई जाती थी।

    एक साल पहले डा. पहाड़िया को प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर रोहतक स्थित सिविल अस्पताल में भेजा गया था। इससे अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी बंद हो गई थी। अस्पताल में जो भी गंभीर गर्भवती आती उसे आपरेशन के लिए रेफर करना पड़ता था।

    यहां से गंभीर गर्भवतियों को भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कालेज के अस्पताल में रेफर किया जाता है। नागरिक अस्पताल से मेडिकल कालेज के अस्पताल की दूरी लगभग 11 किलोमीटर है। वहां पहुंचने के लिए गोहाना-खानपुर कलां मार्ग की हालत खस्ता है।

    कुछ लोग मजबूरी में गर्भवतियों की प्राइवेट अस्पतालों में भी सिजेरियन डिलीवरी करवाने लगे थे। प्रतिनियुक्ति की अवधि पूरी होने के बाद डा. पहाड़िया वापस लौट आईं। उन्होंने यहां पर काम शुरू कर दिया है और एक सिजेरियन डिलीवरी भी कराई।

    ओपीडी में भी बढ़ी सुविधा

    गायनोकालाजिस्ट डॉ. निशा पहाड़िया के वापस आने से ओपीडी में भी महिलाओं की जांच की सुविधा बढ़ गई है। वे डिलीवरी कराने के साथ ओपीडी में भी महिलाओं की जांच करेंगी। ओपीडी में गर्भवती के अलावा दूसरी महिलाओं की भी जांच की जाएगी।

    नंबर गेम

    • 30 से 35 हजार रुपये लगते हैं प्राइवेट अस्पतालों में सिजेरियन डिलीवरी कराने पर
    • नागरिक अस्पताल में अब फ्री में मिली सुविधा
    • 130 डिलीवरी होती हैं प्रतिमाह गोहाना के नागरिक अस्पताल में

    अब अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी शुरू कर दी गई है। गायनोकालोजिस्ट प्रतिनियुक्ति की अवधि पूरी होने पर वापस आ गई हैं। अब गर्भवतियों की जरूरत पड़ने पर सिजेरियन डिलीवरी हो सकेगी।

    - डॉ. संजय छिक्कारा, एसएमओ, नागरिक अस्पताल गोहाना

    comedy show banner
    comedy show banner