'हुड्डा ने ED के डर से BJP को जिताने का काम किया', अभय चौटाला बोले- अबकी बार अपने दम पर सम्मान दिवस मनाएगी इनेलो
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने खरखौदा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 25 सितंबर को रोहतक में होने वाले सम्मान दिवस में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा पर भाजपा को जिताने का आरोप लगाया और कहा कि चौ. देवीलाल को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। चौटाला ने सरकार पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का भी आरोप लगाया।
संवाद सहयोगी, सोनीपत। आज हरियाणा के लोग बदलाव चाहते हैं, आपसे मैं उम्मीद करता हूं कि आप इस बदलाव में सक्रिय भूमिका अदा करने का काम करेंगे। चौ. देवीलाल के जन्मदिवस को सम्मान दिवस के रूप में इनेलो मनाती आई है।
इस बार इतनी भारी संख्या में रोहतक में मनाए जाने वाले सम्मान दिवस में पहुंच जाओ कि पूरे देश में इस बदलाव का मैसेज पहुंच जाए। यह बात इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कही। वह बुधवार को खरखौदा के रोहतक मार्ग स्थित मिलन पैलेस में इनेलो के हलका स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा तो बीते चुनाव में ही सत्ता से बाहर जा चुकी थी, क्योंकि भ्रष्टाचार, महंगाई, कानून व्यवस्था का दिवाला निकल जाने से लोग इस भाजपा की सरकार को बदलना चाहते थे। धान घोटाले, रजिस्ट्री घोटाले, शराब घोटालों सहित अन्य घोटालों के बीच घिरी यह सरकार सत्ता पाने का अधिकार खो चुकी थी।
कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा की फिर से सरकार बनाने का काम किया। अभय चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर तंज करते हुए कहा कि षड्यंत्र रचकर भाजपा सरकार लाने का खेल खेला गया है, सर्वे में कांग्रेस के 30 में से 16 विधायक दोबारा टिकट मिलने पर हार रहे थे, लेकिन ईडी के डर से मुकदमा दर्ज होने के बाद से हुड्डा ने भाजपा के सामने सरेंडर कर दिया।
भाजपा ने ही हुड्डा की जिम्मेदारी लगाकर कांग्रेस में हारने वाले विधायकों को फिर से टिकट दिलवाई। इनेलो अबकी बार अपने दम पर सम्मान दिवस मनाएगी और जनता के साथ मिलकर चौ. देवीलाल को 25 सितंबर को रोहतक में श्रद्धांजलि दी जाएगी। अभय चौटाला ने अन्य जगहों पर आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत की।
इस अवसर पर अभय चौटाला ने पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने मनीषा की मौत के सवाल पर कहा कि प्रशासन और सरकार का अपराध पर कोई कंट्रोल नहीं रह गया है। सम्मेलन की सफलता को लेकर किए गए सवाल पर अभय चौटाला ने कहा कि हमारे सभी पुराने कार्यकर्ता अब वापस लौट आए हैं, यहां हम बहुत मजबूत हुए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।