जन स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी से बर्बाद हो रहा पानी, दुकानों के सामने जलभराव से राहगीर और व्यापारी परेशान
खरखौदा के थाना कला चौक पर पेयजल लाइन के वाल्व से कई दिनों से पानी बह रहा है, जिससे सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।

दुकानों के सामने जमा हो रहा गंदा पानी। जागरण
HighLights
खरखौदा के थाना कला चौक पर वाल्व से पानी का रिसाव।
कई दिनों से सैकड़ों लीटर पेयजल रोजाना बर्बाद हो रहा है।
दुकानदारों, राहगीरों को जमा पानी से आवाजाही में हो रही परेशानी।
संवाद सहयोगी, खरखौदा। शहर के थाना कला चौक पर पेयजल आपूर्ति लाइन के वाल्व में लीकेज के कारण रोजाना सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। पिछले कई दिनों से वाल्व से लगातार पानी निकल रहा है, लेकिन जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसे ठीक कराने की जहमत नहीं उठाई जा रही।
एक तरफ जहां पानी की बचत को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ सार्वजनिक स्थान पर इस तरह पानी की बर्बादी जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
दुकानों के सामने जमा हो रहा पानी
वाल्व से निकलने वाला पानी बहकर आसपास की दुकानों के सामने जमा हो जाता है। इससे दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों तक आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं चौक से गुजरने वाले राहगीरों को भी जमा पानी के बीच से होकर निकलना पड़ता है। वाहनों की आवाजाही के कारण पानी इधर-उधर फैलता है और रास्ते पर भी असुविधा बनी रहती है।
स्थानीय दुकानदार विजय, कोमल, सुंदर व दिलबाग के अनुसार यह समस्या कई दिनों से बनी हुई है। वाल्व से लगातार पानी बहने के बावजूद लीकेज को ठीक नहीं किया गया है। ऐसे में रोजाना बड़ी मात्रा में पेयजल नालियों और सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है।
कई दिनों से हो रही पानी की बर्बादी
सवाल यह है कि जब सार्वजनिक स्थान पर कई दिनों से पानी की बर्बादी हो रही है तो विभाग के कर्मचारियों की नजर इस ओर क्यों नहीं पड़ रही। समस्या का समाधान करने के लिए वाल्व की लीकेज ठीक करना जरूरी है, ताकि पानी की बर्बादी रुकने के साथ दुकानदारों और राहगीरों को भी राहत मिल सके।
'मेरे संज्ञान में मामला आया है, कर्मचारियों को ठीक करने के आदेश दे दिए गए हैं। अगर वाल्व ठीक नहीं होती है तो उसे बदलने को भी कह दिया गया है। ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके।'
-सुदेश कुमारी, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।