अब स्कूल में ही 'बिजनेस' सीखेंगे छात्र, सोनीपत में KBC 3.0 को लेकर शिक्षा विभाग सख्त; जारी हुए ये कड़े निर्देश
सोनीपत के सरकारी स्कूलों में 'कुशल बिजनेस चैलेंज' (KBC 3.0) कार्यक्रम तीन दिन चलेगा, जिसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सोनीपत के सरकारी स्कूलों में KBC 3.0 कार्यक्रम शुरू।
छात्रों को उद्यमिता और व्यावसायिक कौशल सिखाने पर जोर।
शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम के सख्त क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। सोनीपत के राजकीय माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में संचालित कुशल बिजनेस चैलेंज (''केबीसी 3.0) कार्यक्रम तीन दिन आयोजित किए जाएंगे। इन प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
समग्र शिक्षा के जिला परियोजना संयोजक (डीपीसी) कार्यालय की ओर से जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) एवं खंड संसाधन समन्वयकों (बीआरसी) को पत्र जारी कर सभी निर्धारित प्रक्रियाएं अनिवार्य रूप से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
तीन दिन चलेंगी केबीसी 3.0 की क्लासेज
सभी विद्यालय मुखियाओं को कक्षा नौवीं से 12वीं तक की समय-सारणी में सप्ताह के तीन दिन केबीसी 3.0 की कक्षाओं के लिए निर्धारित करने होंगे। निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम को पूरा करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही, संबंधित कक्षाओं के प्रत्येक अध्यापक और विद्यार्थी के पास मुद्रित पाठ्य सामग्री या पुस्तकें होना अनिवार्य किया गया है।
पीएम श्री विद्यालयों के लिए बजट निदेशालय द्वारा जारी किया जा चुका है, जबकि अन्य विद्यालयों को खंड स्तर के निर्देशानुसार पुस्तकों का मुद्रण करवाना होगा, जिसके बिलों का भुगतान बाद में प्रतिपूर्ति (रीइंबर्समेंट) के माध्यम से किया जाएगा।
विद्यार्थी देंगे बिजनेस आइडिया, पोर्टल पर अपलोड होगी रिपोर्ट
कार्यक्रम के तहत कक्षा नौवीं से 12वीं तक के सभी पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण करवाना अनिवार्य है, ताकि कोई भी छात्र इससे वंचित न रहे। कक्षा नौवीं और 10वीं के संबंधित अध्यापकों को नियमित रूप से कक्षाओं की 'लेसन कंप्लीशन रिपोर्ट' (एलसीआर) केबीसी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की टीमें गठित कर उनके व्यावसायिक विचारों (बिजनेस आइडिया) को भी तय समय के भीतर पोर्टल पर सबमिट करवाने की जिम्मेदारी संबंधित शिक्षकों को सौंपी गई है।
क्लस्टर हेड और एबीआरसी करेंगे नियमित मॉनिटरिंग
जिला परियोजना संयोजक ने सभी क्लस्टर हेड और एबीआरसी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन आने वाले विद्यालयों में इन सभी गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करवाएं और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
केबीसी 3.0 विद्यार्थियों में उद्यमिता और व्यावसायिक कौशल विकसित करने की एक महत्वाकांक्षी पहल है। सभी विद्यालय मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि समय-सारणी में सप्ताह के तीन दिन इसकी कक्षाएं अनिवार्य रूप से लगाएं और नौवीं से 12वीं तक के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करें। इस कार्य की नियमित मानिटरिंग की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- कृष्णा खत्री, जिला परियोजना संयोजक (डीपीसी), समग्र शिक्षा, सोनीपत
यह भी पढ़ें- जनगणना-2027 की तैयारी तेज, सोनीपत में 10 से 24 जनवरी तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना, फिर डोर-टू-डोर होगा सर्वे
यह भी पढ़ें- कांस्य से गोल्ड तक पहुंचीं मधेपुरा की पंखुरी, सोनीपत में बिहार का नाम रोशन कर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगी दम