ब्रेजा कार नहीं मिली तो लौटा दी बरात, अब महिला आयोग सख्त; दिल्ली पुलिस के सिपाही पर FIR के आदेश
हरियाणा महिला आयोग ने सोनीपत में ब्रेजा कार की मांग पूरी न होने पर बरात लौटाने के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली पुलिस के सिपाही कुलदीप का CCTV फुटेज। (फोटो: सीसीटीवी ग्रैब)
जागरण संवाददाता, सोनीपत। शादी के दिन ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर बरात लौटाने के मामले में अब हरियाणा महिला आयोग ने भी सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने स्पष्ट किया है कि दोनों परिवारों के बीच किसी तरह का समझौता होने के बावजूद मामले में सामने आए तथ्यों की अनदेखी नहीं की जाएगी और आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
20 नवंबर को मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में हुई इस घटना को लेकर दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि गोहाना के गांधी नगर निवासी और दिल्ली पुलिस में तैनात कुलदीप के साथ उनकी बेटी का रिश्ता करीब छह महीने पहले तय हुआ था।
साढ़े 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कराई थी बुक
शादी के लिए उन्होंने करीब साढ़े नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी, लेकिन आरोप है कि दूल्हा पक्ष ब्रेजा कार की मांग पर अड़ा रहा। मांग पूरी नहीं होने पर शादी किए बिना बरात वापस लौट गई। अब मामले में दुल्हन के पिता ने कुलदीप पर एक और आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि कुलदीप ने अपनी पहली शादी की बात भी उनसे छिपाई थी। पिता का आरोप है कि यदि उन्हें पहले से इस बारे में जानकारी होती तो वह बेटी का रिश्ता नहीं करते। इस आरोप के सामने आने के बाद मामले की जांच का दायरा और बढ़ सकता है।
वाटिका में घूमते हुए कुलदीप का वीडियो आया सामने
इस मामले में कुलदीप का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह शादी समारोह वाली वाटिका में घूमता दिखाई दे रहा है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि कुलदीप शादी से पहले वाटिका में यह देखने आया था कि वहां उसकी मांग के मुताबिक ब्रेजा कार खड़ी है या नहीं।
कुलदीप ने आरोपों को बताया था निराधार
दूसरी ओर कुलदीप ने अपने ऊपर लगे दहेज मांगने के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि उसने न तो ब्रेजा कार मांगी और न ही किसी प्रकार के दहेज की मांग की।
उसने विवाद की वजह वाटिका में प्रवेश, कपड़े बदलने की व्यवस्था और आयोजन को लेकर हुए विवाद को बताया था। उसने लड़की पक्ष पर उसे बंधक बनाने का आरोप भी लगाया था। कुलदीप ने कहा था कि वह अब भी शादी के लिए तैयार है।
पुलिस ने दोनों परिवारों को पूछताछ के लिए बुलाया
सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मामले में दोनों परिवारों को पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उनके द्वारा उपलब्ध करवाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है। वहीं, महिला आयोग की ओर से एफआईआर दर्ज करने के निर्देश मिलने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी कुलदीप को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।