चलती बस में तकनीकी खराबी के बाद पहिये से निकला धुआं, ड्राइवर ने बस रोककर यात्रियों को सुरक्षित निकाला
हरियाणा रोडवेज की बसें गोहाना में लगातार दूसरे दिन खराब हुईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। मरम्मत और रखरखाव की कमी, वर्कशॉप में स्थायी मैकेनिकों और टायरों की किल्लत को इसका मुख्य कारण बताया गया है।

गोहाना से रोहतक जा रही बस की तस्वीर। जागरण
जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। यात्रियों को सुरक्षित और समय पर मंजिल तक पहुंचाने का दावा करने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों की समय पर मरम्मत और देखरेख पर सवाल उठ रहे हैं। समय पर मरम्मत और देखरेख के अभाव में गोहाना सब-डिपो की बसें आए दिन बीच रास्ते में दम तोड़ रही हैं।
ताजा मामला मंगलवार का है, जब रोहतक से गोहाना आ रही रोडवेज की एक बस में बाईपास के पास अचानक तकनीकी खराबी आ गई और उसके अगले पहिये से धुआं निकलने लगा। ब्रेक लेदर में आग लगने की आशंका को भांपते हुए चालक ने तत्परता दिखाई और बस को सड़क किनारे रोककर तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा।
बीच राह बस बंद होने से दैनिक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। चालक ने पानी का प्रबंध करके पहिये पर डाला लेकिन काफी देर तक धुआं उठना बंद नहीं हुआ।
सोमवार को भी दो किमी चलकर थम गए थे पहिये
रोडवेज बसों की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह लगातार दूसरे दिन हुआ घटनाक्रम है। इससे पहले सोमवार सुबह करीब आठ बजे भी गोहाना से रोहतक के लिए रवाना हुई एक बस महज दो किलोमीटर का सफर तय कर बाईपास पर पहुंचते ही खड़ी हो गई थी। अचानक रेस सिस्टम में खराबी आने से थमे पहियों के कारण बस में सवार करीब 50 यात्रियों को बीच हाईवे पर उतरना पड़ा था।
अप्रेंटिस और हेल्परों के भरोसे 40 बसों का बेड़ा
गोहाना सब-डिपो के बेड़े में विभाग की अपनी 40 बसें हैं, जबकि 30 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही हैं। विभाग की इन 40 बसों की फिटनेस का जिम्मा जिस वर्कशाप पर है, वहां एक भी स्थायी मेकेनिक तैनात नहीं है। पूरी कार्यशाला महज हेल्पर मेकेनिक, हेल्पर इलेक्ट्रीशियन और प्रशिक्षण ले रहे अप्रेंटिस युवाओं के सहारे चल रही है।
स्थिति यह है कि यदि मौजूदा अप्रेंटिस युवाओं का प्रशिक्षण काल पूरा हो जाए और नए प्रशिक्षु न आएं, तो वर्कशाप में मरम्मत का काम पूरी तरह ठप होने का संकट खड़ा हो जाएगा।
टायरों के टोटे से रूट प्रभावित
वर्कशाप में प्रशिक्षित स्टाफ के साथ-साथ टायरों की भी भारी किल्लत बनी हुई है। समय पर टायर उपलब्ध न होने के कारण करीब आठ से 10 बसें वर्कशाप में खड़ी हैं। बसों की संख्या घटने से कई लोकल रूटों पर परिवहन सेवा बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
वर्कशाप में उपलब्ध स्टाफ और संसाधनों से बसों को दुरुस्त रखकर बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है। वर्कशॉप में स्थायी प्रशिक्षित स्टाफ की कमी है।
- देवेंद्र कुमार, सर्विस सेंटर इंचार्ज, गोहाना बस स्टैंड
यह भी पढ़ें- गन्ने का भाव 430 रुपये मंजूर नहीं, सोनीपत में किसानों ने चीनी मिल के बाहर शुरू किया धरना; मांग रहे 600 का भाव
यह भी पढ़ें- अब लंबी लाइनों से मिलेगी राहत, सोनीपत के अस्पताल में बुजुर्गों और महिलाओं के लिए शुरू होंगे तीन नए OPD काउंटर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।