त्योहारों पर जाम से मिलेगी राहत, दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाने को नगर परिषद ने बनाईं 4 टीमें
गोहाना नगर परिषद ने त्योहारी सीजन में बाजारों की भीड़ और जाम से निपटने के लिए अतिक्रमण हटाने की विशेष योजना बनाई है।

गोहाना में अतिक्रमण पर सख्ती
HighLights
त्योहारी भीड़ और जाम से निपटने को योजना।
नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने को चार टीमें बनाईं।
पहले समझाएंगे, फिर सामान जब्त कर चालान होगा।
जागरण संवाददाता, गोहाना। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने अतिक्रमण से निपटने के लिए विशेष योजना तैयार की है। शहर के बाजारों और मुख्य मार्गों पर दुकानदारों को फुटपाथ पर सामान रखने से रोकने के लिए चार टीमें गठित कीं।
ये टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में गश्त करते हुए अतिक्रमण पर निगरानी रखेंगी और निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों को हटाने के निर्देश देंगी।
त्योहारी सीजन की वजह से भीड़
त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ती जा रही है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार नालों के स्लैब से आगे फुटपाथ पर सामान रख लेते हैं। कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के सामने फुटपाथ पर फड़ें भी लगवाते हैं। इससे सड़क पर आवागमन के लिए जगह कम बचती है और वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।
कई स्थानों पर फुटपाथ पर सामान रखे होने के कारण लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे हादसे की संभावना बढ़ जाती है। इन दिनों धान का सीजन भी चला हुआ है। शहर में जींद रोड के साथ अनाज मंडी है, जहां पर रोजाना सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों में धान लेकर पहुंच रहे हैं। इससे शहर में वाहनों का अतिरिक्त दबाव भी बना हुआ है।
इसी के मद्देनजर नगर परिषद ने कर्मियों की जिम्मेदारी लगाई। चारों टीमें मुख्य सफाई निरीक्षक दुर्गा देवी और सफाई निरीक्षक उमेश कुमार के नेतृत्व में काम करेंगी।
पहले समझाएंगे, फिर जब्त होगा सामान
नप की टीमों के कर्मचारी शहर में भ्रमण करते हुए पहले दुकानदारों को समझाएंगे और उन्हें दुकान की निर्धारित सीमा में ही सामान रखने के निर्देश देंगे। दुकानदारों को स्पष्ट किया जाएगा कि नालों के स्लैब से आगे किसी भी प्रकार का सामान न रखें।
समझाने के बावजूद दुकानदार निर्देशों का पालन नहीं करेंगे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें दुकान के बाहर रखा सामान जब्त करने के साथ संबंधित दुकानदार का चालान भी किया जाएगा।
'त्योहारों के दौरान जाम से राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण पर नियंत्रण करने का निर्णय लिया गया है। बाजारों में आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जाएगी। दीपावली तक चार टीमें रोजाना शहर में अलग-अलग हिस्सों में निगरानी करेंगी।'
-राजेंद्र प्रसाद सोनी, ईओ, नगर परिषद, गोहाना
यह भी पढ़ें- सोनीपत में किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, अन्नदाताओं की हर समस्या को किया गया दूर
यह भी पढ़ें- सोनीपत में पीआर धान खरीद ठप, किसानों का हैफेड गेट पर धरना, एमडी को बंधक बनाने की चेतावनी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।