विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग करने वाले का एनकांउटर, पैरों में लगी सोनीपत पुलिस की गोली

Published: Sat, 03 Oct 2026 11:09 PM (IST)

सोनीपत में एसटीएफ और बदमाश रोहित के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें रोहित के पैरों में गोली लगी। रोहित हरियाणवी गायक ...और पढ़ें

घायल बदमाश को उपचार के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल बदमाश को उपचार के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

HighLights

  1. सोनीपत में एसटीएफ ने बदमाश रोहित को मुठभेड़ में पकड़ा।

  2. रोहित दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग का मुख्य आरोपी।

  3. उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले, लॉरेंस गैंग से जुड़े संबंध।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग करने के मामले में शनिवार रात एसटीएफ और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बारोटा-छतहेरा रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी।

घायल बदमाश को उपचार के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित की पहचान राई क्षेत्र के गांव लाडपुर के रोहित के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया

एसटीएफ के अनुसार रोहित हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर हुई फायरिंग के मामले में वांछित था। पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की रात भिवानी के खरक गांव में दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी उनकी रेंज रोवर गाड़ी पर बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग की थी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।

मामले में अन्य कौन-कौन लोग हैं शामिल

फायरिंग की घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट भी सामने आई थी। इसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में दिलेर खरकिया को धमकी भी दी गई थी।

एसटीएफ अब आरोपित से पूछताछ कर फायरिंग की वारदात में शामिल अन्य आरोपितों और हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

हिसार में टोल मैनेजर की हत्या में भी नाम

एसटीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर अजय धनखड़ ने बताया कि रोहित का नाम हिसार में टोल मैनेजर की हत्या के मामले में भी सामने आया है। इसके अलावा दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी। वारदात के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

लारेंस गैंग से है आरोपित के सबंध

पुलिस के अनुसार रोहित के लारेंस गैंग से संबंध बताए जा रहे हैं। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट और हत्या के प्रयास जैसे मामले भी शामिल हैं। एसटीएफ की टीम आरोपित से जुड़े अन्य मामलों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

इंटरनेट मीडिया पोस्ट में दी गई थी धमकी

फायरिंग के बाद सामने आई इंटरनेट मीडिया पोस्ट में हिमांशु सोनीपत, टाइसन बिश्नोई, हैरी बाक्सर और हरमन संधू के नाम लेकर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में यह भी लिखा गया था कि पहले फोन के माध्यम से चेतावनी दी गई थी और बात नहीं मानने पर दोबारा हमला करने की धमकी दी गई।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में नकली नोट छापने के लिए तीन माह पहले ली थी कोठी, दिल्ली पुलिस ने बरामद किया मशीन और मैटेरियल

यह भी पढ़ें- सोनीपत में कचरा उठान में कोताही पर जेबीएम ठेकेदार पर गिरी गाज, नया ठेकेदार नियुक्त