विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में नकली नोट छापने के लिए तीन माह पहले ली थी कोठी, दिल्ली पुलिस ने बरामद किया मशीन और मैटेरियल

Published: Sat, 03 Oct 2026 07:13 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने सोनीपत में नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरोह के सरगना साहिल खर्ब ने सेक्टर-12 ...और पढ़ें

गिरोह के सरगना गांव ठरू के रहने वाले साहिल खर्ब ने तीन महीने पहले किराए पर कोठी ली थी।

गिरोह के सरगना गांव ठरू के रहने वाले साहिल खर्ब ने तीन महीने पहले किराए पर कोठी ली थी।

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने सोनीपत में नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश किया।

  2. सेक्टर-12 में किराए की कोठी से मशीन और सामग्री बरामद हुई।

  3. 500 रुपये के 1476 नकली नोट और 7.38 लाख रुपये जब्त।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। दिल्ली में नकली नोट सप्लाई और सर्कुलेशन करने वाले गिरोह का कनेक्शन सोनीपत से सामने आया है। गिरोह ने सोनीपत के सेक्टर-12 में अपना ठिकाना बनाया था। गिरोह के सरगना गांव ठरू के रहने वाले साहिल खर्ब ने तीन महीने पहले किराए पर कोठी ली थी।

हवाला का नहीं मिल पा रहा सुराग 

पुलिस के अनुसार, इसी कोठी के पिछले हिस्से में बने कमरे में नकली नोट तैयार करने का सामान रखा गया था। जांच में सामने आ रहा है कि आरोपित अधिक पैसा कमाने के लिए हवाला कारोबारियों से संपर्क करने की कोशिश भी कर रहे थे। हालांकि, फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हवाला के जरिए रुपये कहीं भेजे गए हैं या नहीं।

दिल्ली पुलिस पहुंची सोनीपत और...

दिल्ली के प्रशांत विहार थाना पुलिस की कार्रवाई के बाद सोनीपत से गिरोह का यह लिंक सामने आया। इसके बाद एक अक्टूबर को दिल्ली पुलिस सोनीपत पहुंची और सेक्टर-12 स्थित मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली मशीन और अन्य सामग्री बरामद किए जाने की बात सामने आई है।

नकली नोटों की डिलीवरी करते पकड़ा

दिल्ली पुलिस ने नकली नोटों की सप्लाई करने के मामले में साहिल खर्ब (28) के अलावा राजस्थान के बाड़मेर निवासी गोसाई राम (22) और जयपुर के पुष्कर राज पुरबिया उर्फ डाक्टर (56) को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को जापानी पार्क के पास नकली नोटों की डिलीवरी के दौरान पकड़ा गया था।

500 रुपये के 1476 नकली नोट बरामद

तीनों के पास से 500 रुपये के कुल 1,476 नकली नोट, 7.38 लाख रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए। जांच में सामने आया है कि आरोपित स्थानीय बाजार में नकली करेंसी खपा रहे थे। बड़े नोट से सामान खरीद कर उनको असली नोट में बदल लेते थे। फिलहाल, पुलिस उनके संपर्कों की जांच कर रही है।

तीन महीने पहले सेक्टर में किराए में लिया था मकान

जांच में सोनीपत कनेक्शन सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने सेक्टर-27 थाना पुलिस के साथ मिलकर सेक्टर-12 स्थित साहिल के किराए के मकान को खंगाला। मकान के पिछले हिस्से में बने कमरे में नकली नोट तैयार करने से संबंधित मशीन और अन्य सामग्री रखी गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सेक्टर-12 स्थित इस ठिकाने पर कब से नकली नोट तैयार किए जा रहे थे, कितनी करेंसी तैयार की गई और तैयार नोटों की सप्लाई किन इलाकों में की गई।

"पता लगाया जा रहा है कि सोनीपत में साहिल के संपर्क में कौन-कौन लोग थे। मकान में नकली नोट तैयार करने के लिए मशीन व अन्य सामग्री कहां से लाई गई। आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।"

-सवित कुमार, प्रभारी, थाना सेक्टर-27

यह भी पढ़ें- सोनीपत में पेचकस फैक्ट्री की आड़ में 14 महीने से ढाल रहे थे नकली सिक्के, प्रॉपर्टी डीलर के चक्कर में ओनर फंसा