विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में कचरा उठान में कोताही पर जेबीएम ठेकेदार पर गिरी गाज, नया ठेकेदार नियुक्त

Published: Sat, 03 Oct 2026 07:06 PM (IST)

सोनीपत में कचरा उठान में लापरवाही के चलते जेबीएम कंपनी के ठेकेदार को हटा दिया गया है। नए ठेकेदार ने ...और पढ़ें

जेबीएम ठेकेदार पर गिरी गाज

जेबीएम ठेकेदार पर गिरी गाज

जागरण संवाददाता, सोनीपत। बार-बार चेतावनी के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोताही के चलते जेबीएम कंपनी के ठेकेदार पर गाज गिरी है। कंपनी काम संभाल रहे ठेकेदार को बदल कर नए ठेकेदार को कचरा उठान का काम सौंपा है।

चार दिन पहले ही नगर निगम मेयर राजीव जैन और आयुक्त हर्षित कुमार ने कंपनी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एक व्यवस्था सुधार को लेकर एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया था। अब शनिवार से नए ठेकेदार ने कचरा उठान का काम शुरू कर दिया है।

नगर निगम ने जेबीएम कंपनी को शहर से डोर-टू-डोर कचरा उठान का अनुबंध किया है। जिसके तहत कंपनी की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के साथ ही कचरा प्वाइंट से कूड़ा उठाने की भी जिम्मेदारी है। वेतन न मिलने को लेकर गाड़ियों के चालकों ने हड़ताल की थी।

एक सप्ताह का दिया था समय

इससे पहले भी चालक वेतन न मिलने और कई अन्य मांगों को लेकर हड़ताल कर चुके हैं। ऐसे में शहर में कचरा उठान का काम प्रभावित हुआ। लगातार कचरा उठान में हो रही लापरवाही को लेकर मेयर राजीव जैन और निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने कंपनी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शहर में कचरा उठान की खराब स्थिति को लेकर बातचीत की थी।

वहीं, व्यवस्था सुधारने को लेकर एक सप्ताह का समय दिया था। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि एक सप्ताह में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो सरकार से कंपनी का अनुबंध समाप्त करने की सिफारिश की जाएगी। अल्टीमेटम कई दिन बीतने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं आया।

जिसके चलते अब कंपनी ने पुराने ठेकेदार को हटा कर नए ठेकेदार को कचरा उठान का काम सौंपा है। वहीं, मेयर ने स्वच्छता प्रहरियों और निगम कर्मचारियों के साथ मिलकर लगातार 50वें सप्ताह भी शनिवार को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ सोनीपत के संकल्प के साथ सेक्टर 12 पावर हाऊस से आइटीआइ चौक तक स्वच्छता अभियान चलाया गया।

तय से आधी गाड़ी भी नहीं उतर रही थी फील्ड में

कचरा उठान की व्यवस्थाओं की जांच में सामने आया था कि कचरा उठान के लिए कम से कम 110 गाड़ियों की आवश्यकता है। बावजूद कंपनी की 60 गाड़ी भी कचरा उठान के लिए फील्ड में नहीं उतर रही थी। जिस कारण गलियों-मोहल्लों में गाड़ियां नहीं पहुंच रही थी। जिसके चलते मुरथल स्थित कचरा निस्तारण प्वाइंट पर कूड़ा ने पहुंचने के कारण बिजली का उत्पादन भी प्रभावित हो रहा था।

नए ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा शहर में दो दिन में 300 टन से ज्यादा कूड़ा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट पर भेजा गया है। स्वच्छता के लिए लगातार काम किया जा रहा है और सफाई की सुचारू व्यवस्था बनाने के लिए उचित प्रबंध किए जाएंगे। ठेकेदार ने आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह में निर्धारित गाड़ियों की संख्या पूरी कर दी जाएगी।
-राजीव जैन, मेयर, नगर निगम