Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नगर निगम का पहला बजट : विकास पर खर्च होंगे 99 करोड़ 92 लाख

    By Edited By:
    Updated: Wed, 20 Apr 2016 07:40 PM (IST)

    जागरण संवाददाता,सोनीपत : नगर निगम ने अपने गठन के साढ़े नौ माह के अंदर अपना पहला बजट पेश किया है। वित

    जागरण संवाददाता,सोनीपत : नगर निगम ने अपने गठन के साढ़े नौ माह के अंदर अपना पहला बजट पेश किया है। वित्त वर्ष 2016-17 में 197.75 करोड़ की आय, जबकि व्यय का लक्ष्य 167.43 करोड़ रुपये रखा है। इसमें से 99 करोड़ 92 लाख रुपये निगम क्षेत्र के विकास पर खर्च किया जाएगा। निगम का यह बजट नगर परिषद की तुलना में कई गुणा अधिक है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वित्त वर्ष 2015-16 की समाप्ति पर नगर निगम के खाते में एक अरब 62 करोड़ 86 लाख 46 हजार 224 रुपये जमा है। नगर निगम बजट में आय के लिए जो योजना तैयार की गई है, उसमें अकेले 20 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स से वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। अनुमानित बजट में नगर निगम को इस वित्त वर्ष में 30 करोड़ 32 लाख की बचत होगी।

    प्रॉपर्टी टैक्स से 20 करोड़ की वसूली का लक्ष्य : नगर निगम के वित्त वर्ष 2016-17 के बजट में 20 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स से वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। वित्त वर्ष 2015-16 में नगर परिषद के समय यह लक्ष्य महज चार करोड़ था, जुलाई माह में निगम गठित होने पर 5 करोड़ 75 लाख रुपये वसूले गए थे, जिससे उत्साहित होकर नगर निगम अधिकारियों ने इस बार लक्ष्य 20 करोड़ किया है।

    वेतन पर ही खर्च होंगे 40 करोड़ : नगर परिषद से निगम बनने के बाद वेतन के रूप में व्यय होने वाली राशि भी बढ़ कर दोगुणी हो गई है। नपा के समय जहां प्रस्तावित वेतन बजट 17 करोड़ 92 लाख 91 हजार 376 रुपये था अब 40 करोड़ तक पहुंच गया है। ऐसे में एक बड़ी राशि निगम को कर्मचारियों अधिकारियों के वेतन पर खर्च करनी होगी।

    शहर को रोशन करने पर जोर : बजट में शहर की लाइट व्यवस्था पर भी खासा ध्यान दिया गया है, नगर परिषद के समय इलेक्ट्रिकल ब्रांच का बजट जहां तीन करोड़ रुपये था, जबकि निगम बनने के बाद करीब चार गुणा बढ़कर 11 करोड़ रुपये पहुंच गया है। निगम में शामिल गांवों में भी स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था करने की योजना है।

    ---------------

    नगर निगम का पहला बजट है, निगम क्षेत्र के विकास के लिए 99 करोड़ 92 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि अन्य साधनों से आय बढ़ाने के साथ ही उसी पैसे से विकास की योजना है।

    -अश्विनी मैंगी, आयुक्त, नगर निगम, सोनीपत।