Haryana News: 17 सितंबर को दिल्ली में होगा पेंशन बचाओ प्रदर्शन, डबवाली में रिटायर्ड कर्मचारियों ने बनाई योजना
डबवाली में रिटायर्ड कर्मचारी संघ की बैठक में 17 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले पेंशन बचाओ प्रदर्शन पर चर्चा हुई। कर्मचारियों ने पेंशन में वृद्धि मेडिकल भत्ते में सुधार और रेल किराये में छूट बहाल करने की मांग की। सरकार द्वारा मांगों की अनदेखी के खिलाफ आवाज उठाने का निर्णय लिया गया। वित्त विधेयक-2025 को सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया गया।

संवाद सहयोगी, डबवाली। रिटायर्ड कर्मचारी संघ की मासिक बैठक चेयरमैन निर्मल सिंह सुंधा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 17 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले पेंशन बचाओ प्रदर्शन को लेकर विचार विमर्श किया गया। रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
निर्मल सिंह सुंधा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की पेंशन को समाप्त करना चाहती है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार द्वारा कर्मचारियों की मांगों को लंबे समय से अनदेखा किया जा रहा है। इसलिए धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रिटायर्ड कर्मचारी अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
मांगों पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संसद में पास किया गया नया वित्त विधेयक-2025 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वेतन संशोधन के लाभ से वंचित करता है। यह सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
पेंशन में बढ़ोतरी लागू करें
उन्होंने मांग की कि सरकार केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की तरह 65, 70, 75 वर्ष की आयु पार करने पर क्रमश: पेंशन में 10, 15, 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू करे ताकि रिटायर्ड कर्मचारी अच्छा जीवन गुजार सकें।
पेंशन की आय को टैक्स मुक्त किया जाए। आज के जमाने में जैसे मेडिकल सुविधा बहुत महंगी हो गई है इसलिए मेडिकल भत्ता 3000 रुपये किया जाए। रिटायर्ड कर्मचारियों को रेलगाड़ियों में किराये में 50 प्रतिशत छूट मिलती थी जो बंद कर दी गई है, उसे दोबारा बहाल किया जाए।
फैमिली पेंशन में मिले एलटीसी की सुविधा
सतीश कुमार रिटायर्ड हैड मास्टर ने कहा कंपुटेशन की कटौती 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष की जाए। फैमिली पेंशन को एलटीसी की सुविधा दी जाए। कोरोना काल का 18 माह के डीए का भुगतान किया जाए। वरिष्ठ नागरिकों को एसी बसों, रेल व हवाई जहाज में रियायती यात्रा की सुविधा दी जाए।
उन्होंने मांग की कि हरियाणा सरकार द्वारा रिटायर्ड कर्मचारियों की सुनवाई कर जल्द से जल्द उपरोक्त सभी मांगों को पूरा करना चाहिए। बैठक में बृजलाल, गुरतेज सिंह, मोहन सिंह, बलवंत सिंह, अजमेर सिंह, मदन लाल व कालू राम मेहता उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।