विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: खून से लिखे पत्र को मुख्यमंत्री ने बताया ड्रामा, कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया बोले- जनता हर बात का हिसाब करेगी

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:52 PM (GMT+05:30)

सिरसा विधायक गोकुल सेतिया ने जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी को खून से पत्र लिखा, जिस पर मुख्यमंत्री ने इसे ड्रामा बताया। कांग्रेस विधायक ने इस पर पलटवार किया है।

विधायक गोकुल सेतिया और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी  (जागरण आर्काइव)

विधायक गोकुल सेतिया और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. विधायक गोकुल सेतिया ने खून से लिखा मुख्यमंत्री को पत्र

  2. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधायक के कृत्य को ड्रामा कहा

  3. विधायक ने विकास ग्रांट पर सवाल उठाए, जनता की पीड़ा बताई

जागरण संवाददाता, सिरसा। शहर की बदहाल सड़कों, सीवरेज, पेयजल और किसानों को नहरी पानी की समस्या को लेकर सिरसा में रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधायक गोकुल सेतिया आमने-सामने आ गए।

जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विधायक ने भगत सिंह चौक पर अपने खून से मुख्यमंत्री के नाम 13 मुद्दों को लेकर पत्र लिखा तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

दूसरी ओर, पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने पहुंचे मुख्यमंत्री ने विधायक के इस कदम को ड्रामा करार दिया और उन्हें जनता के कामों पर ध्यान देने की नसीहत दी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद शाम को विधायक ने इंटरनेट मीडिया पर लाइव आकर पलटवार किया।

उन्होंने विकास कार्यों के लिए जारी ग्रांट के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि खून से पत्र लिखना कोई ड्रामा नहीं, बल्कि जनता की पीड़ा और भावनाओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। विधायक ने कहा कि जनता हर बात का हिसाब करेगी।

13 जनसमस्याओं को लेकर खून से लिखा मुख्यमंत्री के नाम पत्र

विधायक गोकुल सेतिया रविवार सुबह भगत सिंह चौक पहुंचे और अपने खून से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम पत्र लिखा। इसमें उन्होंने सिरसा विधानसभा क्षेत्र की 13 प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए इनके समाधान की मांग की।

इनमें शहर की टूटी सड़कें, बदहाल ऑटो मार्केट, हाउसिंग बोर्ड फ्लैट्स में रह रहे थेहड़ विस्थापित परिवारों की समस्याएं, पेयजल और सीवरेज व्यवस्था, किसानों को नहरी पानी की कमी, भंभूर और धिंगतानियां माइनर का निर्माण, रुकी हुई रजिस्ट्रियां, नशे की बिक्री, गांवों की फिरनियों और गलियों की बदहाली, पार्किंग, सफाई व्यवस्था तथा डिंग मंडी को उपतहसील बनाने की मांग शामिल थी।

विधायक मुख्यमंत्री को शांतिपूर्वक मांगपत्र सौंपना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचा दिया। विधायक का कहना था कि इन समस्याओं को लेकर क्षेत्र के लोग लंबे समय से अधिकारियों और मंत्रियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा। ऐसे में जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।

सीएम बोले- विधायक को जनता के कामों पर ध्यान देना चाहिए

पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से बातचीत में विधायक के खून से पत्र लिखने को ड्रामा करार दिया। उन्होंने कहा कि विधायक को इस तरह के प्रदर्शन के बजाय जनता के कामों पर ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायक की मांग पर सिरसा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए सरकार की ओर से ग्रांट जारी की गई है।

वर्ष 2025-26 में 35 कार्यों के लिए 2.12 करोड़ रुपये और वर्ष 2026-27 में 28 कार्यों के लिए 1.24 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा डी-प्लान के तहत भी राशि उपलब्ध करवाई गई है। मुख्यमंत्री ने विधायक से सरकार से मिली राशि का जनता के सामने हिसाब देने को कहा।

विधायक का पलटवार- ग्रांट मांगना अधिकार, भीख नहीं

मुख्यमंत्री के बयान के बाद शाम को विधायक गोकुल सेतिया ने इंटरनेट मीडिया पर लाइव आकर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं करीब चार करोड़ रुपये की ग्रांट मिलने की बात स्वीकार की है, लेकिन इतनी राशि में किसी एक गांव की फिरनी और गलियां तक नहीं बन सकतीं।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए ग्रांट मांगना उनका अधिकार है, कोई भीख नहीं। खून से पत्र लिखना ड्रामा नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की पीड़ा और उसकी भावनाओं का प्रतीक है। विधायक ने आरोप लगाया कि शहर की सड़कें उखड़ी पड़ी हैं, सीवरेज व्यवस्था बदहाल है और किसान नहरी पानी के लिए परेशान हैं।

यह भी पढ़ें- ग्रेप नियमों की उड़ रहीं धज्जियां, गुरुग्राम-मानेसर में 200 पार हुआ AQI; धूल और धुएं से बढ़ा प्रदूषण

यह भी पढ़ें- गड़बड़ियों पर सीएम सख्त, ठेकेदार पर एफआइआर एक्सईएन, जेई व एमई को निलंबित करने के आदेश

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।