विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sirsa Accident: सेना के ट्रक से भिड़ी अनियंत्रित कार, मां-बेटे सहित तीन की मौत

By Jagran NewsEdited By: Piyush Kumar
Published: Mon, 09 Jan 2023 02:47 PM (IST)

नेशनल हाईवे नौ पर गांव वैदवाला के पास दोपहर एक बजे फतेहाबाद की तरफ जा रही कार टायर फटने से ...और पढ़ें

सिरसा नेशनल हाईवे पर सेना के ट्रक से टकराई कार
सिरसा नेशनल हाईवे पर सेना के ट्रक से टकराई कार

जागरण संवाददाता, सिरसा: नेशनल हाईवे नौ पर गांव वैदवाला के पास दोपहर एक बजे फतेहाबाद की तरफ जा रही कार टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर के दूसरी ओर सिरसा की तरफ आ रहे सेना के ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में महिला 27 वर्षीय प्रीति, चार वर्षीय बेटे मनीत व कार चालक 32 वर्षीय बाहिया निवासी अंगद की मौत हो गई।

महिला की बेटी व महिला भाई विक्रम निवासी बणी तथा बाहिया निवासी गुरपाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि गांव बणी निवासी विक्रम ने बाहिया निवासी अंगद की कार को किराये पर लिया था और अपनी बहन प्रीति को उसकी ससुराल ढाबी कलां फतेहाबाद में छोड़ने जा रहा था।

वैदवाला गांव के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर पहले एक पोल से टकराई और फिर डिवाइडर के दूसरी ओर सेना के ट्रक से टकरा गई। हादसे में प्रीति और अंगद की मौके पर मौत हो गई तथा चार वर्षीय बेटा मनीत की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है। प्रीति की छह वर्षीय बेटी हिमांशी, विक्रम और गुरपाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मुश्किल से निकाला घायलों को बाहर

वैदवाला निवासी भूपेंद्र सिंह व भजन लाल ने बताया कि वे ढाणी में थे, फिर धमाका सुनाई दिया तो गाड़ी तेज गति से पहले पोल में टकराई और फिर सेना की गाड़ी में लगी। इसी दौरान सेना की गाड़ी से गैस का खाली टैंकर भी साइड से टकरा गया। घायलों को मुश्किल से गाड़ी से बाहर निकाला और फिर उन्हें अस्पताल पहुंचाया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पहले पोल से टकराई है और इसके बाद डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा में सेना के वाहन के अगले हिस्से में टक्कर लगी। हालांकि गैस टैंकर व सेना के वाहन में सवार किसी को चोटें नहीं आई और कार सवारों को चोटें लगी हैं।

भूपेंद्र सिंह वैदवाला ने बताया कि घायलों को बाहर निकालने के लिए मुश्किल आई। इसी दौरान एक ट्रैक्टर आ गया। लोहे की बेल से गाड़ी को बाहर की तरफ खींचा और इसके बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल ले गए।

परिवार का इंतजार कर रहा था पति

बताया जा रहा है कि प्रीति फतेहाबाद के गांव ढाबी कलां निवासी बजरंग से विवाहित है और अपने मायके बणी आई हुई थी। उसका भाई उसे छोड़ने के लिए कार किराये पर लेकर फतेहाबाद जा रहा था और फतेहाबाद में बजरंग पत्नी व दोनों बच्चों का इंतजार कर रहा था।

उन्हें फतेहबाद के गांव में कपड़े खरीदने थे। इसी दौरान उसे हादसे की सूचना मिली। घायलों को अस्पताल ला रहे ग्रामीणों ने आधार कार्ड व गाड़ी में मिले मोबाइल के आधार पर इसकी सूचना स्वजनों को दी।

हरियाणा रोडवेज से टकराई स्कूल बस

दूसरी घटना में गांव मल्लेकां-उमेदपुरा के बीच तूड़ी की ट्राली का तिरपाल फट गया जिससे पीछे से आई हरियाणा रोडवेज की बस ने ब्रेक लगा दिए और बस के पीछे चल रही सेंट एमएसजी ग्लोरियस स्कूल की बस रोडवेज के पिछले हिस्से में लग गई।

बस में विद्यार्थी सवार थे जो टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए जा रहे थे। हालांकि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।