गुरमीत राम रहीम आठ साल बाद सिरसा में मनाएगा जन्मदिन, हनीप्रीत के संग पहुंचा आश्रम; डेरे के पास बढ़ी सिक्योरिटी
डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को 40 दिन की पैरोल मिली है जिससे उनके अनुयायियों में खुशी की लहर है और वे डेरे में पहुंचने लगे हैं। सिरसा पुलिस ने डेरे की सुरक्षा बढ़ा दी है। गुरमीत सिंह को लेने के लिए हनीप्रीत काफिले के साथ सुनारिया जेल पहुंची। गुरमीत सिंह ने सिरसा पहुंचकर वीडियो जारी कर अनुयायियों को सेवा करने के लिए कहा।

जागरण संवाददाता, सिरसा। डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को 40 दिन की पैरोल मिली है। अब तक उसे 70 दिन की पैरोल और 21 दिन की फरलो मिल चुकी है। डेरा प्रमुख के पैरोल पर आने की सूचना मिलते ही प्रेमी डेरे में पहुंचने शुरू हो गए और उन्होंने खुशी जताई।
वहीं सिरसा पुलिस ने डेरे की सुरक्षा बढ़ा दी। पहले से लगे नाकों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मचारी नियुक्त कर दिए। इस साल मिली तीन पैरोल और फरलो में एक बार बरनावा और दो बार सिरसा डेरे में रह रहा है। मंगलवार सुबह गुरमीत सिंह को लेने के लिए हनीप्रीत काफिले के साथ सुनारिया जेल में पहुंची।
वहां से उनका काफिला सात बजे डेरे के लिए रवाना हुआ और नौ बजे गुरमीत सिंह सिरसा पहुंचा। डेरा प्रमुख ने सिरसा आते ही अपनी तेरावास गुफा से वीडियो जारी करते हुए अनुयायियों से कहा कि आप हर बार हमारी बात मानते हैं।
पांच से नौ बजे के बीच होगा सत्संग
जैसे भी सेवादार कहेंगे, उसी के अनुसार आपने सेवा करनी है। इसके लिए आपको बहुत बहुत बधाई हो। अब गुरमीत सिंह बुधवार को पांच से नौ बजे तक सत्संग करेगा।
गुरमीत सिंह को साध्वी यौन शोषण मामले में अगस्त 2017 में सजा हुई थी। इसके बाद उसे 2020 में उसे छत्रपति हत्याकांड में उम्रकैद की सजा सुनाई गई। अब तक गुरमीत सिंह ने रक्षा बंधन और अपना जन्मदिन कभी जेल के बाहर नहीं मनाया।
ऐसे में 8 साल बाद पहली बार वह 15 अगस्त को डेरे में सत्संग के दौरान अपना जन्मदिन मनाएगा। जबकि इससे पहले नौ अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार पर वह राखी बंधवाएगा। क्योंकि अनुयायी उसे जेल में राखियां भेजते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।