रोहतक में 8 वर्षीय भांजी को साध्वियों के साथ भेजने पर रोक लगाने की मांग, मामा ने DC को भेजी शिकायत
रोहतक में एक मामा ने अपनी आठ वर्षीय भांजी को जैन स्थानक में साध्वियों के साथ भेजने के फैसले पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने डीसी को शिकायत भेजकर बच्ची के बाल अधिकारों, शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

यह एआई द्वारा जनरेट की गई प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
मामा ने आठ वर्षीय भांजी को साध्वियों संग भेजने पर रोक मांगी
बच्ची के बाल अधिकारों, शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा की अपील
जांच पूरी होने तक प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगाने की मांग
जागरण संवाददाता, रोहतक। आठ वर्षीय बच्ची को जैन स्थानक में देने के फैसले पर रोक लगाने की मांग को लेकर उसके सगे मामा दीपक मित्तल ने डीसी को शिकायत भेजी है। उन्होंने प्रशासन से बच्ची के बाल अधिकारों, शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
शिकायत के अनुसार बच्ची को 25 नवंबर को रेलवे रोड स्थित जैन स्थानक में भेजे जाने की जानकारी मिली है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बहन का मार्च 2026 में टीबी के कारण निधन हो गया था। बहन के तीन बच्चे हैं। इनमें 13 वर्षीय बेटी, आठ वर्षीय बेटी और छह वर्षीय बेटा शामिल हैं।
मामा का दावा है कि बच्ची के पिता और दादी उसे साध्वियों के साथ भेजने का निर्णय ले चुके हैं। दीपक ने अपनी शिकायत में कहा कि वह किसी धर्म या धार्मिक परंपरा के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन आठ साल की उम्र में बच्ची अपने जीवन के दीर्घकालिक परिणामों को समझने में सक्षम नहीं है।
उसे शिक्षा, खेल और परिवार के बीच सामान्य बचपन बिताने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि बच्ची को साध्वियों के साथ भेजने की प्रक्रिया पर जांच पूरी होने तक अंतरिम रोक लगाई जाए। बच्ची का बयान परिजनों और साध्वी मंडली से अलग बाल-अनुकूल वातावरण में दर्ज हो और स्वतंत्र मनोवैज्ञानिक परामर्श कराया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।