विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार के जिंदल चौक पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, कार रोकने पर भड़के अधिवक्ताओं ने होमगार्ड की वर्दी फाड़ी; पुलिस ने हिरासत में लिया

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:27 PM (IST)

हिसार के जिंदल चौक पर एक अधिवक्ता ने होमगार्ड पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने दो अधिवक्ताओं को हिरासत में लिया है, जबकि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने अधिवक्ता को हिरासत में लिया (जागरण फोटो)

पुलिस ने अधिवक्ता को हिरासत में लिया (जागरण फोटो)

HighLights

  1. अधिवक्ता ने होमगार्ड पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।

  2. होमगार्ड की वर्दी फाड़ी और नेमप्लेट तोड़ दी गई।

  3. पुलिस ने दो अधिवक्ताओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के जिंदल चौक पर मंगलवार शाम को कार में परिवार के साथ सवार एक अधिवक्ता ने गाड़ी रुकवा रहे होमगार्ड राजबीर पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।

अधिवक्ता पर होमगार्ड की वर्दी फाड़ने और नेमप्लेट तोड़ने का आरोप है। इस बात को लेकर काफी देर तक चौक पर हंगामा होता रहा। वहां पर मौजूद लोगों ने मामले को शांत करवाया।

अधिवक्ता का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया, जिसमें वह होमगार्ड को देख लेने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके परपहुंची।

पुलिस हंगामा कर रहे दोनों अधिवक्ताओं विशाल और सूरज यादव को अर्बन एस्टेट पुलिस थाना लेकर आई। होमगार्ड की तरफ से गाड़ी चढ़ाने का प्रयास और वर्दी फाड़ने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। वहीं अधिवक्ताओं का कहना है कि होमगार्ड और अन्य पुलिस कर्मचारियों ने अधिवक्ताओं के साथ मारपीट की और परिवार के साथ गाली-गलौज भी की। पुलिस ने दोनों अधिवक्ताओं को हिरासत में लिया है

गाड़ी से उतर कर गाली-गलौज की और वर्दी फाड़ी

होमगार्ड राजबीर ने बताया कि वह पिछले 12 साल से सेवाएं दे रहे हैं। मंगलवार शाम को ट्रैफिक का दबाव ज्यादा था तो सड़क के बीच में खड़े होकर यातायात को कंट्रोल कर रहे थे।

इसी दौरान एक कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार को रोकने की बजाय ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। उसके बाद चालक कार से नीचे उतरा और गाली गलौच करनी शुरू कर दी। जब उसे ऐसा करने से रोका तो उसने हाथापाई की और वर्दी फाड़ दी।

इतना ही नहीं नंबर प्लेट भी तोड़ दी। बार-बार वह कह रहा था कि वह एडवोकेट है और देख लेने की धमकी दी। आरोप है कि वह शराब के नशे में था। इसी दौरान वहां पर पुलिस पहुंच गई और हंगामा कर रहे दो अधिवक्ताओं को पकड़ कर अपने साथ ले गई।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारी थाने पहुंचे

बार एसोसिएशन के सह सचिव साहिल, अधिवक्ता नवीन और हर्षित ने बताया कि विशाल और सूरज दोनों परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए हुए थे। वे वापस कार से लौट रहे थे। जिंदल चौक पर एक होमगार्ड ने गाड़ी रोकने का इशारा किया तो गाड़ी रोक दी।

उसके बाद होमगार्ड ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। विशाल ने फोन कर हमें मौके पर बुलाया। जब मौके पर पहुंचे तो वहां पर 15 के करीब पुलिस कर्मचारी मौजूद थे। जब उनसे बात करनी चाही तो हमारे से धक्का-मुक्की की और नवीन को थप्पड़ भी मारा। बाद में बार के सदस्यों को फोन किया। फिर बार के उप प्रधान, पूर्व प्रधान और अन्य अधिवक्ता पुलिस थाना पहुंचे। उनका कहना है कि होमगार्ड ने गाली-गलौज की और हाथापाई की। आरोप है कि पुलिस ने दो अधिवक्ताओं को अवैध हिरासत में रखा हुआ है।

शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है

होमगार्ड की तरफ से दो अधिवक्ता के खिलाफ गाड़ी चढ़ाने का प्रयास, वर्दी फाड़ने, देख लेने की धमकी देने की शिकायत दी है। दोनों अधिवक्ताओं को पूछताछ के लिए लेकर आए है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -विकास कुमार, अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी, हिसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।