एकतरफा प्यार में हुआ मर्डर! 52 साल के रिटायर्ड फौजी ने मारी थी 40 साल की पिंकी को गोली, गिरफ्तार
रोहतक रेलवे स्टेशन पर पिंकी उर्फ मुस्कान नामक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी वजीर को गिरफ्तार किया जो पिंकी से एकतरफा प्यार करता था। पिंकी के बेटे ने आरोप लगाया कि वजीर ने पहले भी उसकी माँ को धमकी दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

जागरण संवाददाता, रोहतक। रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर दो पर शुक्रवार की रात को जुलाना की 40 वर्षीय पिंकी उर्फ मुस्कान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित लिजवाना खुर्द निवासी 52 वर्षीय वजीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच के अनुसार, आरोपित पिंकी से एकतरफा प्यार करता था। पिंकी इसका विरोध करती थी।
इस पर आरोपित ने दो महीने पहले भी पिंकी को धमकी थी। लेकिन मामला आपसी भाइचारे में निपट गया था। जीआरपी आरोपित वजीर को रविवार को अदालत में पेश करेगी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित से घटना के बारे में अन्य जानकारी जुटाएगी।
इधर, पोस्टमार्टम में प्रथम दृष्टि में सामने आया कि पिंकी को नजदीक से गोली मारकर की गई है। जिस कारण पेट के अंदर आंत समेत अन्य हिस्सा फट गया था।
बेटे का आरोप- वजीर ने दो महीने पहले भी संबंध न रखने पर दी थी धमकी
जुलाना लाइनपार निवासी लक्ष्य ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शहर के पंडित नेकीराम कालेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी घर में ही घड़ी, चश्मे व अण्डों की दुकान हैं। उसकी माता पिंकी उर्फ मुस्कान रोहतक में हिसार बाइपास स्थित कंपनी में काम करती थी।
हर रोज ट्रेन से जुलाना से रोहतक आती जाती थी। रोजाना की तरह उसकी मां शुक्रवार रात करीब 7.50 बजे पैसेंजर ट्रेन में जुलाना जाने के लिए रोहतक रेलवे स्टेशन पर आई थीं। वह भी साथ आया था। प्लेटफार्म नंबर 2 पर उसकी माता पिंकी कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस के डिब्बे में चढ़ने लगी।
उस वक्त वह करीब 15 से 20 कदम पीछे था। उसी वक्त लिजवाना खुर्द के वजीर सिंह ने उसकी मां को गोली मार दी। गोली लगते ही उसकी मां मौके पर ही गिर गई। कमर में गोली लगी थी। रिटायर्ड फौजी वजीर सिंह का उनके घर पर आना जाना है।
लक्ष्य का आरोप है कि उसकी मां से आरोपित वजीर एकतरफा प्रेम करता था। करीब दो महीने पहले भी उसकी मां को धमकी दी थी कि यदि उसके साथ संबंध नहीं रखेगी तो उसे जान से मार देगा। उसकी माता ने उसे समझाया कि आप भी बाल-बच्चेदार हो और मैं भी शादीशुदा बाल-बच्चेदार हूं, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा और आज इस घटना को अंजाम दिया।
पिंकी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन के हवाले कर दिया है। आरोपित वजीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित वजीर पिंकी से एकतरफा प्यार करता था। उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया है। रविवार को आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
- राजकुमार, प्रभारी थाना जीआरपी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।