रोहतक में मकान में फायरिंग, रिटायर्ड फौजी की मौत, महिला को लगी 2 गोलियां, हालत गंभीर
रोहतक में एक बड़ी घटना सामने आई है। एक मकान के अंदर रिटायर्ड फौजी का शव मिला है। जिसे गोली लगी है। वहीं एक महिला को भी 2 गोलियां लगी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जागरण संवाददाता, रोहतक : रोहतक में बड़ी वारदात सामने आई है। शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार को सनसनीखेज वारदात हुई। एक मकान के अंदर रिटायर फौजी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि महिला भी सिर में दो गोली लगने से गंभीर रूप से घायल है। जिसका पीजीआई में इलाज चल रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रिटायर फौजी ने पहले महिला को गोली मारी, उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली।
रविवार दोपहर के समय आईएमटी थाना पुलिस को सूचना मिली कि फ्रेंड्स कॉलोनी में एक मकान में फायरिंग हुई है। जिस महिला ने सूचना दी वह भी लड़खड़ाती आवाज में बोल रही थी, जिसने बताया कि उसे भी गोली लगी हुई है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मकान के अंदर महिला नरेश देवी लहूलुहान हालत में पड़ी थी। जिसके सिर में दो गोली मारी गई थी। उससे थोड़ी दूर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। जिसकी कनपटी पर गोली लगी हुई थी। मृतक व्यक्ति की पहचान रिटायर फौजी कुलदीप के रूप में हुई।
उसके अलावा मकान पर कोई भी सदस्य नहीं था। पड़ोसियों ने बताया कि यह मकान नरेश का है। रिटायर्ड फौजी वहां क्या लेने आया था इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। आईएमटी थाना प्रभारी कैलाश चंद्र ने बताया कि दोनों के परिवार के सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार के सदस्य के पहुंचने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिटायर फौजी ने वारदात को अंजाम दिया है या फिर किसी अन्य ने इन दोनों को गोली मारी है इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। मामले गहनता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फिलहाल घायल महिला भी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसकी हालत गंभीर बनी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।