विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई की भागदौड़ के बीच भाई दूज पर बहन अंजलि के पास जरूर पहुंचते हैं रणदीप हुड्डा, दादी और गांव से है गहरा लगाव

Published: Mon, 09 Nov 2026 04:14 PM (IST)

फिल्मी दुनिया की चकाचौंध के बावजूद रणदीप हुड्डा भाई दूज पर परिवार के साथ समय बिताते हैं। यह त्योहार उनकी ...और पढ़ें

बहन अंजलि के साथ रणदीप हुड्डा (फाइल फोटो)

बहन अंजलि के साथ रणदीप हुड्डा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. रणदीप हुड्डा भाई दूज पर परिवार के साथ समय बिताते हैं

  2. बहन डॉ. अंजलि हुड्डा के साथ उनका गहरा पारिवारिक जुड़ाव

  3. रोहतक से बॉलीवुड तक का उनका संघर्षपूर्ण सफर

विकास सैनी, रोहतक। फिल्मी दुनिया की चमक-दमक और मुंबई की व्यस्त जिंदगी के बीच अभिनेता रणदीप हुड्डा परिवार के लिए वक्त निकालना नहीं भूलते। खासकर भाई दूज का त्योहार उनके लिए बहन के साथ रिश्ते की मिठास और पारिवारिक जुड़ाव को फिर से जीने का अवसर होता है।

रणदीप और उनकी छोटी बहन एमडी डॉ. अंजलि हुड्डा हर साल इस मौके पर परिवार के साथ जुटते हैं और मिलकर त्योहार मनाते हैं।

माता-पिता अधिकतर गुरुग्राम में रहते हैं, जबकि रणदीप का ज्यादातर समय मुंबई और फिल्मों की शूटिंग में बीतता है। ऐसे में त्योहार परिवार के साथ समय बिताने का खास मौका बन जाता है।

आसान नहीं रहा अभिनय का सफर

रोहतक के जसिया गांव में 20 अगस्त 1976 को जन्मे रणदीप हुड्डा का सफर किसी आसान राह की कहानी नहीं है। बचपन से ही उन्हें अभिनय और घुड़सवारी का शौक था।

उच्च शिक्षा के लिए वर्ष 1995 में वे आस्ट्रेलिया के मेलबर्न गए। वहां पढ़ाई के साथ अपना खर्च चलाने के लिए उन्होंने चीनी रेस्तरां में भी काम किया।

इसी दौरान अभिनय के प्रति उनका जुनून उन्हें आस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट आफ ड्रामेटिक आर्ट्स तक ले गया। हजारों लोगों के बीच उनका चयन अभिनय प्रशिक्षण के लिए हुआ।

पिता डॉ. रणबीर हुड्डा के अनुसार, विदेश से लौटने के बाद रणदीप के अंग्रेजी बोलने के लहजे को लेकर भी उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

वर्ष 2001 में मीरा नायर की फिल्म मानसून वेडिंग से उन्होंने बालीवुड में कदम रखा। शुरुआती दौर में संघर्ष के बाद वर्ष 2010 में आई फिल्म वंस अपान ए टाइम इन मुंबई ने उनके करियर को नई पहचान दी। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता साबित की।

बहन ने चुना चिकित्सा का रास्ता

रणदीप की छोटी बहन डॉ. अंजलि हुड्डा ने पिता की तरह चिकित्सा क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। दोनों भाई-बहन ने अपने-अपने क्षेत्र में अलग रास्ता चुना, लेकिन पारिवारिक जुड़ाव हमेशा बना रहा।

मां आशा हुड्डा समाजसेवा से जुड़ी हैं। परिवार के लिए त्योहार केवल परंपरा निभाने का अवसर नहीं, बल्कि एक साथ बैठने और खुशियां साझा करने का मौका भी है।

नवंबर 2023 में रणदीप ने मणिपुरी अभिनेत्री और पूर्व मिस नार्थ ईस्ट लिन लैशराम से विवाह किया। अभिनय और शूटिंग की व्यस्तताओं के बावजूद परिवार से उनका जुड़ाव बना हुआ है। उन्हें अपनी दादी नंदो देवी से भी विशेष लगाव रहा है। जब भी समय मिलता, वे उनसे मिलने अपने गांव जसिया पहुंच जाते थे।

यह भी पढ़ें- बच्चों को गोद में लेकर पानीपत SP ने मनाई दीपावली, ट्रैफिक नाकों पर ड्यूटी दे रहे जवानों को बांटी खुशियां

यह भी पढ़ें- खाटूश्याम धाम के लिए नरवाना से मिलेगी सीधी बस सेवा, जींद के यात्रियों को भी होगा फायदा; चेक करें रूट और किराया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।