खाटूश्याम धाम के लिए नरवाना से मिलेगी सीधी बस सेवा, जींद के यात्रियों को भी होगा फायदा; चेक करें रूट और किराया
कुरुक्षेत्र डिपो ने नरवाना से खाटूश्याम धाम के लिए सीधी बस सेवा शुरू की है, जिससे नरवाना और जींद के यात्रियों को लाभ मिलेगा।

कुरुक्षेत्र डिपो से चलेंगी खाटू श्याम के लिए बसें (फाइल फोटो)
HighLights
नरवाना से खाटूश्याम धाम के लिए सीधी बस सेवा शुरू हुई
जींद और नरवाना क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
340 किलोमीटर का सफर, मात्र 365 रुपये किराया लगेगा
जागरण संवाददाता, जींद। खाटूश्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। कुरुक्षेत्र डिपो की ओर से खाटूश्याम धाम के लिए बस सेवा शुरू की गई है।
इस बस सेवा का सबसे अधिक फायदा नरवाना और जींद क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा। अब खाटूश्याम धाम के दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को सीधे बस सुविधा का लाभ उठाने के लिए नरवाना पहुंचना होगा।
खास बात यह है कि जींद से खाटूश्याम धाम के लिए फिलहाल सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में जींद के यात्री नरवाना पहुंचकर इस बस में सफर कर सकेंगे। बस कुरुक्षेत्र से चलकर सुबह करीब आठ बजकर 20 मिनट से साढ़े आठ बजे के बीच नरवाना पहुंचती है।
इसके बाद यहां से हिसार, राजगढ़, चूरू और सीकर होते हुए खाटूश्याम धाम के लिए रवाना होती है। नरवाना से खाटूश्याम धाम की दूरी करीब 340 किलोमीटर है।
365 रुपये होगा किराया
इस सफर के लिए यात्रियों को 365 रुपये किराया देना होगा। बस शाम करीब चार बजे खाटूश्याम धाम पहुंच जाती है। वहीं, वापसी में बस सुबह छह बजे के बाद खाटूश्याम धाम से नरवाना के लिए रवाना होती है। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बाबा खाटूश्याम को महाभारत काल के वीर बर्बरीक का स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान कर दिया था।
उनके इस महान बलिदान से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। श्रद्धालुओं में मान्यता है कि बाबा श्याम हारे का सहारा बनते हैं और सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी करते हैं। यही वजह है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटूश्याम धाम पहुंचते हैं।
कुरुक्षेत्र डिपो की बस नरवाना होकर जाती है खाटूश्याम
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुरुक्षेत्र डिपो की ओर से खाटूश्याम धाम के लिए बस सेवा शुरू की गई है। इस बस के नरवाना से होकर गुजरने से नरवाना के साथ जींद क्षेत्र के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। श्रद्धालु नरवाना पहुंचकर बस में सवार हो सकते हैं। रोडवेज का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके। -विजय कुंडू, डीआइ बस स्टैंड नरवाना
यह भी पढ़ें- 112 दिन बाद दीवाली पर ताबूत में लौटा हरियाणा का लाडला, बिलख-बिलख कर रोए परिजन; यूक्रेन हमले में मारा गया था गुरप्रीत