विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरियाणा में एक और महिला कलाकार की हत्या, खेत में पड़ा मिला भजन गायिका का शव

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Thu, 18 Jan 2018 03:56 PM (IST)Updated: Fri, 19 Jan 2018 11:53 AM (IST)

हरियाणा में एक और लोक कलाकार की हत्या कर दी गई। भजन गायिका ममता का शव गांव बनियाली में पड़ा मिला।

हरियाणा में एक और महिला कलाकार की हत्या, खेत में पड़ा मिला भजन गायिका का शव
हरियाणा में एक और महिला कलाकार की हत्या, खेत में पड़ा मिला भजन गायिका का शव

जेएनएन, रोहतक। चार दिन से लापता लोक गायिका ममता (45) का बृहस्पतिवार को गांव बनियानी के समीप गन्ने के खेत में खून से लथपथ शव मिला। गायिका की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। कलानौर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इससे पहले अक्टूबर 2017 में हरियाणवी गायिका व डांसर हर्षिता दहिया की पानीपत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि कलानौर निवासी लोक गायिका ममता 14 जनवरी को सुबह आठ बजे गोहाना की गोशाला में आयोजित कार्यक्रम के लिए काम में घर से निकली थी। रोहतक के कैलाश कॉलोनी निवासी मोहित कार चला रहा था। मोहित ने बताया कि जब वह लाहली के समीप पहुंचे तो ब्रेजा कार में सवार दो युवकों ने उसे कार रोकने का इशारा किया। उक्त युवक ममता को साथ लेकर चले गए।

ममता ने मोहित को यह कहकर भेज दिया कि मेरे परिचित हैं और आधे घंटे में पुराना बस स्टैंड पर मिलने की बात कही। मगर इसके बाद ममता का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। मोहित ने इसकी सूचना ममता के परिजनों को दी। दो दिन तक अपने स्तर पर खोजबीन के बाद 16 जनवरी को ममता के बेटे भारत ने कलानौर थाने में मां के लापता होने की सूचना दी।

बृहस्पतिवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में बनियानी गांव के किसान ने महिला का शव पड़ा होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तो शव की शिनाख्त ममता के रूप में हुई। इसके बाद एफएसएल एक्सपर्ट डा. सरोज दहिया को जांच के लिए बुलाया गया। एफएसएल एक्सपर्ट ने शव और वारदात स्थल का मुआयना किया।

महम (रोहतक) के डीएसपी रोहताश सिंह का कहना है कि  बनियानी गांव के समीप गायिका ममता का शव मिला। गला काटकर हत्या की गई है। अज्ञात के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। वारदात करने वाले परिचित हो सकते हैं। वारदात लूट के इरादे से नहीं की गई, क्योंकि गायिका के शरीर से कोई भी आभूषण गायब नहीं मिला है। जांच के बाद जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बता दें, राज्य में पहले भी महिला कलाकारों पर हमले होते रहे हैं। इन कलाकाराें ने अपने जलवे से कुछ हर दिनों में ऊंचाइयां हासिल कर लीं, लेकिन यही कामयाबी उनकी दुश्‍मन बन गई। कुछ ही समय में छा गईं इन कलाकारों में से कई की हत्‍या हो गईं आैर कुछ अब भी निशाने पर हैं। उनकाे धमकियां दी जा रही है और कार्यक्रम न करने की चेतावनी दी जा रही है। इससे राज्‍य के रा‍गिनी व हरियाणवी कलाकारों में दहशत है। इन घटनाओं के कारण पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं।

1 अक्टूबर, 2017 को पानीपत के पास तेजी से उभर रही गायिका हर्षिता दहिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कार सवार हत्यारों ने हर्षिता को गोलियाें से भून डाला। हर्षिता इसराना क्षेत्र के एक गांव से कार्यक्रम करने के बाद लौट रही थी और इसी दौरान उनकी कार को घेर कर बदमाशों ने गोलियों की बौछार कर दी। इस हत्याकांड हर्षिता के जीजा का नाम सामने आया। कुछ समय पहले हर्षिता की मां की हत्या हो गई थी। इस मामले में हर्षिता गवाह बनी थी। तभी से उसका जीजा रंजिश रख रहा था। हत्याकांड से पहले हर्षिता को सोशल मीडिया के माध्यम से भी धमकी दी गई थी।

बीनू चौधरी हत्याकांड

रोहतक की रहने वाली हरियाणवी गायिका बीनू चौधरी की हत्या वर्ष 2012 में गोली मारकर कर दी गई थी। इस हत्याकांड में रोहतक के ही एक युवक का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार, बीनू का युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था, लेकिन किसी और से शादी होने के बाद उसने युवक को ठुकरा दिया था। इसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। पूर्व प्रेमी ने दो लाख की सुपारी देकर बीनू की हत्या कराई। हत्या के लिए बीनू को कार्यक्रम के बहाने से हरिद्वार बुलाया गया। इसके बाद ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसे मार डाला गया।


पासी नैय्यर हत्याकांड

सांपला की प्रसिद्ध गायिका पासी नैय्यर की हत्या भी कई साल पहले कर दी गई थी। उसका शव हसनगढ़ के पास बरामद हुआ था। पासी की हत्या भी गोली मारकर की गई थी। पासी किसी कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देने के लिए जा रही थी और रास्‍ते में उसकाे गोलियों से छलनी कर दिया गया। इस हत्याकांड में भी पासी के नजदीकी का ही नाम सामने आया था।

ललिता शर्मा हत्या प्रकरण

हिसार के हांसी की रहने वाली ललिता शर्मा ने बहुत कम दिनों में हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रागिनी गायिका व डांसर के तौर पर अपनी पहचान बना ली थी। उसने बाद में अपने ड्राइवर मोनू शेख के साथ विवाह कर लिया। दोनों मेरठ शहर के ईरा गार्डन कॉलोनी में रहने लगे। वहां उसकी और उसके पति की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उस समय ललिता सात माह की गर्भवती थी। पुलिस ने शाम इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसके सुरक्षा गार्ड सलमान और मोनू के रिश्तेदार आदिल को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से घर से लूटी गई नकदी और जेवर भी बरामद किए गए। ललिता का एक बेटा है।

यह भी पढ़ेंः युवती ने संबंध बना लाखों लूटे, फिर परिवार भी करने लगा ब्लैकमेल

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।