दुष्यंत चौटाला बोले- जजपा 90 सीटों की कर रही तैयारी, गठबंधन का फैसला आप पर
जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि हरियाणा में उनकी पार्टी सभी 90 सीटों पर विधानसभा सीटें लड़ने की तैयारी कर रही है। समझौते का फैसला अब आप पर है।
रोहतक, जेएनएन। जननायक जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 90 सीटों पर चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन विधानसभा चुनाव में भी कायम रह सकता है। इसका फैसला आप नेताओं पर छोड़ रखा है।
कहा-75 पार का नारा भाजपा का घमंड, 1984 में कांग्रेस ने भी किया था, पांच पर सिमट गई थी
वह जिला के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। दुष्यंत चौटाला ने भाजपा के मिशन 75 पार को घमंड करार दिया। उन्होंने कहा कि 1984 में कांग्रेस ने भी घमंड किया था, जो केवल पांच सीट पर रह गई थी। लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी दस सीटें जीतने के सवाल पर कहा कि जनता ने नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी को देखकर मतदान किया था।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कद मोदी से कम दिखा और इसी कारण भाजपा 300 पार पहुंच गई। लेकिन, विधानसभा चुनाव प्रदेश व स्थानीय मुद्दों पर लड़ा जाता है। इसलिए चुनाव के परिणाम विपरीत आएंगे। उन्होंने कहा कि जजपा का लक्ष्य परिवर्तन लाना है। रोजगार मेरा अधिकार और बुजुर्गों की पेंशन की उम्र घटाने को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जा रहे हैं। 100 दिन का अभियान रखा गया है, जो विधानसभा चुनाव की तैयारियां ही हैं। हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम फिर से शुरू हो रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में वाया दिल्ली जाने का सपना देखा था, लेकिन सोनीपत में ही फुल स्टाप लग गया।
यह भी पढ़ें: आठ साल की बच्ची आर्या के योग की दुनियाभर में धूम, वीडियो को मिले 44 लाख व्यू
धर्मपाल मकड़ौली ने खुद इस्तीफा दिया है
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जिला अध्यक्ष धर्मपाल मकड़ौली ने शुक्रवार को खुद पार्टी को इस्तीफा सौंपा था। उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया गया है। पार्टी में किसी के आने-जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। धर्मपाल मकड़ौली की जगह पर जब तक नई नियुक्त नहीं होती, तब तक एडवोकेट बलवान सिंह सुहाग को जिला प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इनेलो के कई बड़े नेताओं ने जजपा के निर्माण में सहयोग दिया है। कई अन्य पार्टियों के नेता जजपा में शामिल भी हुए हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप