PM मोदी के जन्मदिन पर शुरू होगा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, CM नायब सैनी रोहतक में करेंगे शुभारंभ
हरियाणा में 17 सितंबर से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान शुरू होगा। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक में इसका शुभारंभ करेंगे। इस दौरान महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे जहां उच्च रक्तचाप कैंसर एनीमिया जैसी बीमारियों की जांच की जाएगी। 75 हजार चश्मे मुफ्त बांटे जाएंगे और नए ओबेसिटी क्लीनिक भी खुलेंगे।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर हरियाणा में 17 सितंबर को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान शुरू होगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती यानी दो अक्टूबर तक चलने वाले इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक में करेंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने शुक्रवार को कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक में बताया कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में विशेष स्वास्थ्य क्योस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच होगी। इसमें उच्च रक्तचाप, कैंसर, एनीमिया और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की स्क्रीनिंग शामिल है।
उन्होंने कहा कि एमडीयू आडिटोरियम में एक वरिष्ठ चिकित्सक को ओवरआल इंचार्ज नियुक्त किया जाए और कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन से एक वरिष्ठ अधिकारी को तैनात किया जाए। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने बताया कि इस अभियान से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी।
सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर 122 विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग तथा मनोचिकित्सा से संबंधित सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रत्येक शिविर में लगभग 300 मरीजों की जांच का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के दौरान 75 हजार चश्मे निशुल्क बांटे जाएंगे। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए 75 नए ओबेसिटी क्लिनिकों का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही 138 ब्लड बैंकों में 696 रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रतिदिन 50 से 100 मरीजों की स्क्रीनिंग होगी। इसके अलावा पौधरोपण अभियान के तहत 50 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। साथ ही व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की इस अभियान में सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, पोषण जागरूकता बढ़ाने और निवारक देखभाल को प्रोत्साहित के लिए पोषण अभियान और विशेष टीकाकरण सप्ताह जैसी पूरक गतिविधियां चलाई जाएंगी।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्यप्रकाश, विभाग की महानिदेशक मोनिका मलिक और स्वास्थ्य विभाग के सचिव रिपुदमन सिंह ढिल्लों ने भी अपनी बात रखी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।