तालाबों से भरेगी ग्राम पंचायतों की तिजोरी, पानी के दोबारा इस्तेमाल से होगा मछली पालन; रोहतक के गांवों में बंपर कमाई का प्लान
हरियाणा में पंचायतों की आय बढ़ाने और गांवों में स्वच्छता सुधारने के लिए तालाबों में मछली पालन को बढ़ावा दिया जाएगा।

HighLights
तालाबों में मछली पालन से पंचायतों की आय बढ़ेगी
युवाओं को स्वच्छता अभियान से जोड़कर भागीदारी बढ़ाएंगे
ग्रे-वाटर का उपयोग कर जल संसाधनों का सदुपयोग
जागरण संवाददाता, रोहतक। गांवों में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के साथ ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए तालाबों के पानी का दोबारा उपयोग और मछली पालन शुरू कराने की योजना बनाई जा रही है।
ग्रे-वाटर मैनेजमेंट के तहत तैयार किए जा रहे तालाबों को आय का साधन बनाने पर जोर रहेगा। साथ ही गांवों के युवाओं को स्वच्छता अभियान से जोड़कर सफाई और कचरा प्रबंधन में उनकी भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, हरियाणा के वाइस चेयरमैन रविन्द्र जागलान ने सोमवार को जिला विकास भवन में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए।
युवाओं के समूह बनाकर करेंगे प्रेरित
रविन्द्र जागलान ने कहा कि ग्रामीण स्वच्छता केवल सरकारी विभागों और ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी नहीं है। इसे जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी है।
प्रत्येक गांव में युवाओं के समूह चिह्नित कर उन्हें स्वच्छता गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए। इससे सफाई, कचरा प्रबंधन और जागरूकता अभियान को गति मिलेगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा।
यह भी पढ़ें- '1984 सिख नरसंहार पर माफी मांगे कांग्रेस, राहुल गांधी करें प्रायश्चित'; रोहतक में नितिन नवीन ने साधा निशाना
तालाबों में मछली पालन को देंगे बढ़ावा
ग्रे-वाटर मैनेजमेंट के तहत तैयार तालाबों में जमा पानी के दोबारा उपयोग के मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए गए। मत्स्य विभाग ग्राम पंचायतों को तालाबों में मछली पालन शुरू करने के लिए प्रेरित करेगा। इससे जल संसाधनों का सदुपयोग होगा और पंचायतों को आय का अतिरिक्त साधन मिलेगा।
कचरा निस्तारण और मेडिकल वेस्ट पर निगरानी
सभी ग्राम पंचायतों में ठोस कचरे के एकत्रीकरण और उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल वेस्ट का सही प्रबंधन करने और संबंधित रिकॉर्ड नियमित अपडेट रखने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के साथ तालमेल कर आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालयों की उपलब्धता और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करेगा।
बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और स्वच्छ भारत मिशन से मंजू ग्रेवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मछली उत्पादन का नया हब बनेगा रोहतक, कॉमन कार्प की नई पीढ़ी बदलेगी किसानों की किस्मत; नमकीन पानी में भी तेजी से बढ़ेगी