महिला व बच्चों की सुरक्षा में प्रदेश सरकार अक्षम : डॉ. बांगड़
रोहतक, जागरण संवाददाता :
प्रदेश में महिलाओं व बच्चों का शोषण, बलात्कार तथा तस्करी का मामला अब किसी से छुपा नहीं है। प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों व उनकी सुरक्षा करने में अक्षम है। हाल ही में अपना घर मामले के उजागर होने से यह बात सिद्ध भी हो गई है। यह बात इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. केसी बांगड़ ने कही। वे अपना घर मामले में किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। प्रदर्शन में भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुई।
बांगड़ ने कहा कि बाल विकास गृह एवं नारी सदन के नाम पर जिले में अपना घर की संचालिका द्वारा बच्चों की तस्करी व यौन शोषण मामला खुलने पर भयमुक्त शासन की पोल खुल गई है। एनजीओ के नाम पर अपना घर जिले में अत्याचार और बाल शोषण का अड्डा बना हुआ था। अपना घर की संचालिका जसवंती देवी को सरकार की ओर से स्टेट अवार्ड, महिला उत्थान पुरस्कार व इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए इनेलो जिला प्रधान सतीश नांदल ने कहा कि अपना घर नाम की संस्था चलाने वाली जसवंती देवी ने एनजीओ के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार से करोड़ों रुपये एंठ चुकी है। इसी प्रकार सैकडों एनजीओ अपना घर की तर्ज पर सरकार के संरक्षण में महिलाओं एवं बच्चों का शोषण कर रहे है। उन्होंने इस मामले की सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज से जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अपना घर जैसे एनजीओ के तार कई आला अधिकारियों व राजनीतिक इलाकों से भी जुड़े होने का अंदेशा है। इसलिए इस मामले के उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। इनेलो जिला महिला विंग की प्रधान उमेश देवी ने कहा कि वे इस घटना का इनेलो परिवार व जिला महिला ईकाई घोर निंदा करती है। उन्होंने इनेलो की ओर से अपना घर की संचालिका व उसके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।
प्रदर्शन में नफे सिंह लाहली, कृष्ण कौशिक, सुनीता हुड्डा, मूर्ति महम, प्रेम लता खत्री, आशा इस्माईला, राजबाला एहलावत, राजो राठी, जंत्री देवी, राजकुमारी, शीला खरैंटी, कांता चांदी, बाली देवी, स्वीटी सैनी, मीना मकडौली, सुरेश देवी, प्रोमिला, वेदभराण, सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।