विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवउठनी एकादशी से आज फिर गूंजेंगी शहनाइयां, 12 दिसंबर तक रहेंगे विवाह के शुभ मुहूर्त; बाजारों में बढ़ी रौनक

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:46 PM (IST)

देवउठनी एकादशी से रेवाड़ी में शादी-विवाह के आयोजन फिर शुरू हो रहे हैं, जिससे बाजारों और समारोह स्थलों पर रौनक बढ़ गई है। 

रेवाड़ी के बाजारों और मंदिरों में उत्सव का माहौल। (ग्यान प्रसाद: जागरण)

रेवाड़ी के बाजारों और मंदिरों में उत्सव का माहौल। (ग्यान प्रसाद: जागरण)

HighLights

  1. देवउठनी एकादशी से रेवाड़ी में शादी-विवाह के आयोजन शुरू।

  2. नवंबर-दिसंबर में विवाह के लिए 16 शुभ मुहूर्त।

  3. बाबा श्याम मंदिर में कोलकाता के फूलों से भव्य श्रृंगार।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के साथ ही शादी-विवाह के आयोजन फिर शुरू होंगे। अबूझ सावे के चलते जिला भर में विवाह समारोहों की शुरुआत होगी और शहनाइयां गूंजेंगी। बाजारों में खरीदारी के साथ वाहन श्रृंगार और फूल बाजार में भी उत्साह का माहौल है।

ज्योतिषियों के अनुसार, इस साल विवाह और सगाई जैसे शुभ कार्यों के लिए 12 दिसंबर तक ही मुहूर्त रहेंगे। 20 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच 23 दिनों में कुल 16 दिन शादी के मुहूर्त हैं। इसके बाद 15 दिसंबर से खरमास आरंभ होने से एक माह तक शादी-विवाह के आयोजन बंद रहेंगे।

रेवाड़ी में फिर गूंजेंगी शहनाइयां

मांगलिक मुहूर्त की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। देवोत्थान एकादशी के साथ रेवाड़ी में फिर शहनाइयां गूंजेंगी और विवाह समारोहों की धूम रहेगी। समारोह स्थलों की जगमगाती सजावट, घोड़ी पर सवार दूल्हे, बरातों की चहल-पहल और मंगल गीतों से माहौल उत्सव भरा होने वाला है।

मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के साथ चातुर्मास समाप्त होगा और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य आरंभ होंगे। इस वर्ष नवंबर और दिसंबर में विवाह के 11 शुभ मुहूर्त हैं। ज्योतिषाचार्य पं. दिलीप शास्त्री, पं. महेश पत्सारिया आदि के अनुसार नवंबर में 21, 24, 25 और 26 नवंबर को हैं। दिसंबर में दो, तीन, चार, पांच, छह, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के योग बन रहे हैं।

12 दिसंबर वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त होगा। इसके बाद सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू होने पर विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। खरमास की अवधि मकर संक्रांति तक रहेगी।

हलवाई से फूल विक्रेताओं तक की बढ़ी व्यस्तता

विभिन्न समारोह स्थल, बैंक्वेट हाल और होटलों की बुकिंग इन दिनों फुल है। कैटरिंग संचालकों, हलवाइयों, टेंट हाउस, डेकोरेटर्स, बैंडबाजा और घोड़ी संचालकों के यहां भी बुक है। विवाह समारोहों के मेन्यू, सजावट, लाइटिंग और मेहमानों के स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

विवाह सीजन का असर कपड़ा, आभूषण, जूते, ब्यूटी पार्लरों और उपहारों के प्रतिष्ठानों में भी दिख रहा है। दूल्हा-दुल्हन के परिधान, शादी के कार्ड और घरों की सजावट से जुड़ी खरीदारी के चलते व्यापारियों और कारोबारियों की व्यस्तता है।

आज सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार

देवउठनी एकादशी पर सेक्टर एक स्थित श्री श्याम मंदिर सोलहराही धाम में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस अवसर पर बाबा श्याम का विशेष एवं भव्य श्रृंगार किया जाएगा। श्री श्याम दीवाना मंडल के प्रधान मनोज यादव ने बताया कि देवउठनी एकादशी के पावन पर्व को लेकर मंदिर में शुक्रवार सुबह से विशेष आयोजन होगा।

इस अवसर पर बाबा श्याम का आकर्षक श्रृंगार कोलकाता से विशेष रूप से मंगवाए गए रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से किया जाएगा। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को केसर युक्त विशेष सामक की खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा। श्री श्याम दीवाना मंडल की ओर से श्याम भक्तों एवं श्रद्धालुओं से मंदिर में पहुंचकर बाबा श्याम के दिव्य दर्शन करने का आह्वान किया है।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में सीजन की सबसे सर्द सुबह, पारा 8.4 डिग्री पर लुढ़का; कोहरे को लेकर पुलिस की एडवाइजरी जारी

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी एम्स तक सीधी कनेक्टिविटी की तैयारी, 200 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाईओवर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।