रेवाड़ी में सीजन की सबसे सर्द सुबह, पारा 8.4 डिग्री पर लुढ़का; कोहरे को लेकर पुलिस की एडवाइजरी जारी
रेवाड़ी में धीरे-धीरे सर्दी बढ़ रही है, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सीजन की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई।

रेवाड़ी पुलिस की एडवाइजरी
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। धीरे धीरे सर्दी बढ़ने लगी है। सुबह शाम के समय हल्की ठिठुरन बढ़ने के साथ लोगों ने गर्म कपड़े पहनने आरंभ कर दिए है। विद्यालयों में भी सर्दी का समय आरंभ हो गया है। बृहस्पतिवार को इस सीजन की सबसे सर्द सुबह रही।
न्यूनतम तापमान 8.4 और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को अधिकतम 27.6 और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को अधिकतम 27.5 और न्यूनतम साढ़े नौ डिग्री सेल्सियस तापमान था। इससे पहले 16 नवंबर को अधिकतम 28 व न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस तापमान था।
तीन दिनों से न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आ रही है। इसके चलते शुष्क सर्दी का असर बढ़ने लगा है। विद्यालय जाने वाले विद्यार्थी विशेषकर छोटे बच्चों पर सर्दी का असर दिखने लगा है।
कोहरा की संभावना के चलते जारी एडवाइजरी
सर्दी बढ़ने के साथ आगामी दिनों में कोहरा बढ़ने की संभावना के चलते पुलिस प्रशासन की ओर से आमजन से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पुलिस के अनुसार दृश्यता, सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है। रेवाड़ी पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से कोहरा के दौरान सड़क पर अतिरिक्त सावधानी बरतकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि कोहरा के कारण सड़क पर दृश्यता कम होने से सामने से आने वाले वाहन, मोड़ तथा सड़क पर मौजूद अन्य अवरोध समय रहते दिखाई नहीं देते। ऐसी स्थिति में तेज रफ्तार और असावधानी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों, मुख्य सड़कों और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर वाहन चलाने वालों से सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी
- कोहरा के दौरान वाहन की गति धीमी और नियंत्रित रखें।
- लो-बीम हेडलाइट तथा आवश्यकतानुसार फाग लाइट का इस्तेमाल करना चाहिए
- आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अचानक ब्रेक लगाने या ओवरटेक करने से बचें।
- मोड़ लेते समय समय पर इंडिकेटर दें तथा वाहन के शीशे साफ रखें।
- घना कोहरा में दृश्यता बेहद कम होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकें, सड़क पर या सड़क के किनारे असुरक्षित ढंग से वाहन खड़ा नहीं करना चाहिए।
- दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनें और रात के समय रिफ्लेक्टिव कपड़ों का प्रयोग करें।
- ट्रैक्टर-ट्राली, रेहड़ी, आटो व अन्य धीमी गति वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टर अवश्य लगाएं
- स्कूल बसों, वैन और बच्चों को स्कूल छोड़ने जाने वाले स्वजन को सुबह के समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
- पैदल यात्री सड़क पार करने से पहले दोनों ओर देखने और कोहरा में दिखाई देने वाले हल्के रंग या रिफ्लेक्टिव कपड़ों का प्रयोग करें।
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी एम्स तक सीधी कनेक्टिविटी की तैयारी, 200 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाईओवर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।