विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा रोडवेज को 500 नई बसों का आवंटन, भिवानी को 40, लेकिन रेवाड़ी को मिलीं सिर्फ 2; भड़के लोग

By Govind SinghEdited By: Pooja Tripathi
Published: Thu, 19 Nov 2026 11:58 AM (IST)

हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने 500 नई बसों का आवंटन किया है, जिसमें रेवाड़ी को सिर्फ दो बसें मिली हैं ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. रेवाड़ी को 500 नई बसों में से सिर्फ दो मिलीं।

  2. भिवानी को सर्वाधिक 40 बसें, अन्य जिलों को भी अधिक।

  3. रेवाड़ी में कम आवंटन पर यात्रियों और संगठनों का विरोध।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग की तरफ से 500 नई स्टैंडर्ड नॉन एसी डीजल बसों का आवंटन किया गया है। इसमें सबसे अधिक बसें भिवानी डिपो को मिली हैं, जबकि रेवाड़ी डिपो के हिस्से में महज दो बसें आई हैं।

आवंटन सूची सामने आने के बाद से रेवाड़ी में लोगाें का विरोध शुरू हो गया है।लोगों का कहना है कि यह आवंटन रेवाड़ी की जरूरतों के अनुसार नहीं है और सरकार से इस फैसले पर पुन: विचार करने की मांग उठाई जा रही है।

बता दें कि परिवहन निदेशालय की तरफ से प्रदेश के 22 डिपो को 500 नई बसें आवंटित की गई हैं। इसमें भिवानी को सबसे अधिक 40, हिसार को 37, गुरुग्राम को 35, सिरसा को 32, यमुनानगर को 28 बसें मिली हैं।

फरीदाबाद, फतेहाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र को 25-25 बसें दी गई हैं, जबकि दिल्ली, झज्जर, जींद, करनाल, नारनौल, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, अंबाला, पंचकूला को 20-20 बसें आवंटित की गई हैं। चंडीगढ़ को 14 और चरखी दादरी को 12 बसें मिली हैं। सबसे कम रेवाड़ी को मात्र दो बसें मिली हैं।

बावल व धारूहेड़ा बड़े औद्योगिक क्षेत्र

रेवाड़ी जिले में बावल व धारूहेड़ा जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र हैं। यहां सैकड़ों फैक्ट्रियां हैं, जिनमें हजारों श्रमिक काम करते हैं। प्रतिदिन हजारों श्रमिक, कर्मचारी, विद्यार्थी, महिलाएं और आम नागरिक बसों से सफर करते हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में सुबह-शाम बसों में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में रेवाड़ी को सिर्फ दो बसें देना यात्रियों की परेशानी को और बढ़ाएगा।

पहले से ही बसों की कमी झेल रहा है रेवाड़ी डिपो

रेवाड़ी डिपो पहले से ही बसों की कमी झेल रहा है। रेवाड़ी डिपो का बेड़ा 177 बसों का है, लेकिन वर्तमान में मात्र 153 बसें ही मौजूद हैं। 24 बसें कम होने के चलते काफी रूट प्रभावित हैं। कई रूटों पर बसें समय पर नहीं चल पातीं। ग्रामीण रूटों पर तो कई बार बस ही नहीं पहुंचती, जिससे यात्रियों को निजी वाहनों में महंगा सफर करना पड़ता है।

यहां पर रहता है अधिक दबाव

धारूहेड़ा, बावल, कोसली, महेंद्रगढ़, नारनौल, दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर रूट पर यात्रियों का दबाव सबसे अधिक है। सुबह के समय विद्यार्थियों और श्रमिकों को बसों में जगह तक नहीं मिलती। महिलाओं को खड़े होकर सफर करना पड़ता है। नई बसें मिलने से इस समस्या में कुछ राहत मिल सकती थी, लेकिन मात्र दो बसें मिलने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

रेवाड़ी डिपो में पहले से ही बसों की कमी चल रही है। डिपो को दो बसें मिलना यात्रियों और डिपो के साथ मजाक है।हमारी मांग है कि रेवाड़ी को दो बसें देने के फैसले पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए। आवंटन का आधार सार्वजनिक किया जाए और रेवाड़ी में पुरानी व कंडम बसों की समीक्षा कर पर्याप्त नई बसें दी जाएं।

- प्रवीन बालधन, प्रधान हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ

मुख्यालय की तरफ से जारी किए गए पत्र के अनुसार डिपाे को दो बसें आवंटित की गई है। मुख्यालय के अधिकारियों से इस बारे में बातचीत कर आवंटन को बढ़वाया जाएगा।पहले जो आवंटन हुआ था, उसमें रेवाड़ी डिपो को ज्यादा बसें मिली थीं।हमारी डिपो एनसीआर में होने के चलते यहां से काफी बसें दूसरी जगह चली गई थीं।

- निरंजन कुमार, महाप्रबंधक रोडवेज

यह भी पढ़ें- हरियाणा रोडवेज: निजीकरण और 14000 सरकारी बसों की मांग पर भिवानी सम्मेलन में हुंकार, आंदोलन की बनेगी रणनीति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।