रेवाड़ी में अवैध तेल कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, गज्जीवास के मकान से 800 लीटर पेट्रोल और 700 लीटर थिनर बरामद, एक गिरफ्तार
रेवाड़ी के गज्जीवास गांव में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक मकान पर छापा मारने के दौरान 800 लीटर ...और पढ़ें
HighLights
गज्जीवास में पुलिस ने अवैध तेल कारोबार का भंडाफोड़ किया।
800 लीटर पेट्रोल और 700 लीटर थिनर बरामद किया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य साथी मौके से फरार हुए।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। बावल रोड स्थित गज्जीवास गांव में रविवार को पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर 800 लीटर पेट्रोल और 700 लीटर थिनर बरामद किया। पुलिस ने मौके से तेल का अवैध कारोबार करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।
पुलिस ने एक पिकअप गाड़ी, खाली ड्रम और टैंकरों से तेल निकालने के उपकरण भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुग्राम जिले के गांव कादीपुर निवासी और वर्तमान में भिवाड़ी मोड़ पर रहने वाले युवक के रूप में हुई है।
टैंकरों से निकाला जा रहा था तेल
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गज्जीवास गांव स्थित एक मकान में टैंकरों से तेल निकालने का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर माडल टाउन थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने रविवार दोपहर मकान पर छापा मारा तो वहां तेल निकालने का काम किए जाने का पता चला। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपित फरार हो गए।
मकान की तलाशी लेने पर पुलिस को पेट्रोल और थिनर से भरे ड्रम मिले। जांच के दौरान मौके से एक पिकअप गाड़ी, खाली ड्रम और तेल निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
कैसे काम करता था पूरा गिरोह?
बताया जा रहा है कि तेल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य करनावास स्थित तेल डिपो से निकलने वाले टैंकरों के चालकों से कथित सांठगांठ कर तेल चोरी करते हैं। इसके बाद चोरी किए गए तेल की आसपास के क्षेत्रों और राजस्थान के समीपवर्ती गांवों में सप्लाई की जाती है।
करनावास तेल डिपो के आसपास आधा दर्जन से अधिक गांवों में लंबे समय से तेल के अवैध कारोबार की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इस धंधे पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है।
तेल के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती
गौरतलब है कि शनिवार को भी पुलिस ने हाईवे पर गांव खजूरी के पास कार्रवाई करते हुए 2200 लीटर पेट्रोल और थिनर बरामद किया था। लगातार दो दिनों में हुई कार्रवाई से तेल के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध पुलिस की सक्रियता सामने आई है।
