रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तेल का अवैध कारोबार, 2200 लीटर पेट्रोल-थिनर जब्त; आरोपित फरार
रेवाड़ी क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर अवैध तेल कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए 2200 लीटर पेट्रोल और थिनर जब्त ...और पढ़ें

तेल चोरी की सूचना पर कार्रवाई के लिए पहुंची टीम के सदस्य।
HighLights
रेवाड़ी में अवैध तेल कारोबार पर क्राइम ब्रांच का छापा।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 2200 लीटर पेट्रोल-थिनर जब्त किया।
दो पिकअप गाड़ियां और 16 ड्रम मौके से बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव खिजूरी के समीप छापा मारकर करीब 2200 लीटर पेट्रोल और थिनर जब्त किया। मौके से तेल से भरे 11 ड्रम और पांच खाली ड्रम बरामद हुए। पुलिस ने दो पिकअप गाड़ियां, दो मोटर और कुछ पाइप भी कब्जे में लिए। तेल के अवैध कारोबार के खिलाफ दो माह में पुलिस की यह पांचवीं कार्रवाई है।
आरोपितों की तलाश की जा रही
क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि टीम को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि गांव खिजूरी के पास हाईवे पर टैंकरों से तेल निकालकर बेचने का अवैध काम हो रहा है। सूचना के आधार पर शनिवार को टीम गठित कर छापा मारा गया। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बरामद सामान कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।
टैंकर चालकों से सांठगांठ कर निकालते हैं तेल
करनावास स्थित तेल डिपो से निकलने वाले टैंकरों के चालकों से सांठगांठ कर तेल निकालने के अवैध कारोबार की शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि तेल माफिया टैंकरों से पेट्रोल और डीजल निकालकर आसपास के राजस्थान क्षेत्र में बेचते हैं। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद इस कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना चुनौती बना हुआ है।
