रेवाड़ी में 58-बी अंडरपास की हालत बदहाल, जर्जर सड़क और टूटी शेड से हादसे का खतरा
रेवाड़ी के वार्ड 25 स्थित 58-बी अंडरपास की हालत जर्जर है, जिसकी मरम्मत और सुंदरीकरण की मांग पार्षद डॉ. सत्यनारायण यादव ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से की है।

58-बी अंडरपास की मरम्मत के लिए केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन। जागरण
HighLights
रेवाड़ी के 58-बी अंडरपास की हालत हुई जर्जर।
पार्षद ने केंद्रीय मंत्री से मरम्मत व सुंदरीकरण की मांग की।
क्षतिग्रस्त शेड, सड़क, टाइलें बदलने और रंग-रोगन की जरूरत।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। शहर के वार्ड 25 अंतर्गत बिजली बोर्ड के समीप 58-बी अंडरपास की हालत खराब हो रही है। इसकी मरम्मत या सुंदरीकरण को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान नहीं है। जगह जगह से शेड की चद्दर क्षतिग्रस्त है। अंडरपास की सड़क भी जर्जर हो चुकी है जिससे हादसों का अंदेशा बना हुआ है।
वार्ड 25 के पार्षद डॉ. सत्यनारायण यादव ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से इसकी हालत सुधारने की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि इसका निर्माण होने के बाद आज तक न तो मरम्मत की गई और न सुंदरीकरण कराने की ओर ध्यान दिया गया। केंद्रीय मंत्री को सौंपे ज्ञापन में
उन्होंने 58-बी अंडरपास की टीन शेड नई लगवाने के साथ डिवाइडर और फुटपाथ पर क्षतिग्रस्त टाइलों को हटाकर नई टाइलें बिछाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि अंडरपास की स्टील रेलिंग को बदलने, अंदर दोनों तरफ की दीवारों और छत पर रंग-रोगन करवाने की आवश्यकता है। अंडरपास के अंदर बनी सीसी सड़क जर्जर हो चुकी है।
वर्ष 2021 में केंद्रीय मंत्री ने किया था उद्घाटन
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने ही वर्ष 2021 में इस अंडरपास का उद्घाटन किया था। रेवाड़ी-नारनौल- रींगस रेल लाइन फाटक संख्या तीन रेवाड़ी-महेंद्रगढ़-सादुलपुर रेलवे लाइन फाटक संख्या 59 पर बने अंडरपास की मांग को लेकर उन्होंने क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को तत्कालीन रेलमंत्री पीयूष गोयल से मिलकर प्रमुखता से उठाया था।
रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनने के बाद महेंद्रगढ़ की ओर से व कोसली की ओर से आने वाले लोगों का सफर आसान हुआ।
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी: श्रीकृष्ण भवन में लगा मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर, 36 मरीजों का हुआ इलाज; 15 नवंबर तक मांगे आवेदन
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में दीपावली की रात आगजनी की 13 घटनाएं, कड़बी के ढेर और दुकानें जलीं; रातभर अलर्ट रहा दमकल विभाग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।