Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    झमाझम बारिश के बाद रेवाड़ी शहर का हुआ ऐसा हाल... कई इलाकों में जलभराव; लोगों को हो रही परेशानी

    Updated: Mon, 30 Jun 2025 04:38 PM (IST)

    रेवाड़ी में रविवार को झमाझम बारिश हुई जिससे लोगों को उमस से राहत मिली लेकिन कई इलाकों में जलभराव भी हुआ। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक वर्षा की संभावना जताई है। निचले इलाकों में दो फीट तक पानी भर गया। बच्चों ने बारिश में खूब मस्ती की। जून में अभी तक 79.11 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

    Hero Image
    झमाझम हुई वर्षा से शहर में जगह-जगह जलभराव हुआ। जागरण

    जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। करीब एक सप्ताह में रेवाड़ी में रविवार को झमाझम वर्षा हुई। करीब एक घंटे तक हुई वर्षा के दौरान शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति रही। हालांकि, पिछले सप्ताह की तुलना में इस बार जलभराव की स्थिति कम रही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, रविवार को हुई वर्षा के बाद एक तरफ लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली वहीं दूसरी तरफ सड़क से लेकर गलियों तक हुए जलभराव ने परेशानी भी बढ़ाई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, एक जुलाई के दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हवा व गरजचमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।

    इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट बने रहने की संभावना है। रविवार को हुई वर्षा की वजह से निचले इलाकों में दो फीट तक पानी भर गया। रविवार को दोपहर के समय मौसम में बदलाव आया और काली घटा छाने के साथ वर्षा आरंभ हुई।

    पिछले चार पांच दिन से अधिकांश समय बादल छाए रहने के साथ उमस भरी गर्मी पड़ रही थी। शनिवार शाम को हल्की हवा चलने से वर्षा के आसार बने थे। रविवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। पूरे दिन धूप नहीं निकली। साढ़े 12 बजे के आसपास जोरदार वर्षा हुई।

    रेवाड़ी के अलावा धारूहेड़ा और बावल में भी वर्षा होने से जलभराव की स्थिति बनी रही। शहर में मॉडल टाउन, सेक्टर एक, तीन, चार, कंपनीबाग, नाईवाली चौक, पुरानी सब्जीमंडी, बस अड्डा परिसर, सरकुलर रोड, पुराना हाउसिं बोर्ड कालोनी सहित शहर के अन्य इलाकों में पानी भर गया। शहर में दोपहर बाद तक पांच मिलीमीटर वर्षा हो चुकी थी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी छिटपुट वर्षा की स्थिति रही।

    उमस भरी गर्मी से मिली राहत

    कई दिनों से वर्षा का इंतजार कर रहे लोगों को रविवार को राहत मिली। बच्चों ने भी वर्षा में जमकर लुत्फ उठाया। गली में जलभराव के चलते बच्चों ने जमकर वर्षा का लुत्फ उठाया।

    जून माह में चार दिन हुई अच्छी वर्षा

    जिले में जून माह में कुल चार दिन अच्छी वर्षा हुई। इससे पहले 15, 17, 23 जून को वर्षा हुई थी। इस दौरान जिले में अभी तक 79.11 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। मई माह में 39.21 एमएम वर्षा हुई।

    बिजली आपूर्ति भी रही बाधित

    मौसम में बदलाव आने से बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। सेक्टर एक, ब्रास मार्केट, मॉडल टाउन, कंपनीबाग सहित विभिन्न स्थानों पर देर शाम तक बिजली की आंख मिचौली जारी रही। इस दौरान कभी तेज तो कभी वोल्टेज कम आ रही थी।

    तापमान भी रहा उतार चढ़ाव

    एक सप्ताह के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव की स्थिति रही। रविवार को अधिकतम तापमान 35 तो न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शनिवार को अधिकतम 36.5 और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस था। इससे पहले 27 जून को अधिकतम 36.5 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस था। 26 जून को अधिकतम 35.5 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान था।