Rewari: फैक्ट्री में कर्मचारियों पर हमला, बोलेरो गाड़ी ले जाने का कोशिश; मालिक ने लाखों की चोरी का लगाया आरोप
जीवड़ा स्थित एक फैक्ट्री में बीती रात अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने फैक्ट्री के कर्मचारियों से जम कर मारपीट की। फैक्ट्री के मालिक ने हमलावरों पर 5 लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है।

रेवाड़ी, जागरण संवाददाता। जिले के गांव जीवड़ा स्थित एक फैक्ट्री में बीती रात अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने फैक्ट्री के कर्मचारियों से जम कर मारपीट की। फैक्ट्री में खड़ी बोलेरो गाड़ी को हमलावरों ने ले जाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। फैक्ट्री मालिक ने हमलावरों पर फैक्ट्री में रखे पांच लाख रुपये चोरी करके ले जाने का आरोप लगाया है। रोहडाई थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आधी रात को घुसे हमलावर
पुलिस को दी शिकायत में गांव जीवड़ा के रहने वाले अशोक कुमार ने कहा है कि उन्होंने अपने गांव में बर्फ फैक्ट्री लगा रखी है। 21 मार्च की रात को उनके कर्मचारी राजस्थान के जिला अलवर के गाँव राबडका के रहने वाले आकाश व जींद के सफीदों के रहने वाले नरेश फैक्ट्री के कार्यालय में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे आकाश की नींद खुली तो एक आदमी फैक्ट्री के अंदर घुसा हुआ था।
साथियों को बुलाकर किया हमला
टोकने पर अनजान व्यक्ति ने आकाश पर हमला कर दिया। आरोपित ने आवाज लगा कर बार से अपने चार-पांच अन्य साथियों को बुला लिया और आकाश पर हमला कर दिया। शोर सुन कर नरेश मौके पर पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की। शोर सुन कर फैक्ट्री के श्रमिक भी उठ गए। हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमलावरों ने आकाश व नरेश ने फैक्ट्री में खड़ी बोलेरो गाड़ी की चाबी भी मांगी।
पांच लाख रुपये ले जाने का आरोप
चाबी नहीं देने पर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना के बाद वह भी फैक्ट्री में पहुंचे। हमले की घटना के बाद से फैक्ट्री में रखी पांच लाख रुपये की नकदी भी गायब है। अंदेशा है कि हमलावर फैक्ट्री से नकदी चोरी कर ले गए। अशोक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। रोहडाई थाना पुलिस ने हमला व नकदी चोरी करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।