रेवाड़ी में 16 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से 23 लाख ऐंठे, CBI अधिकारी बनकर ठगों ने डराया
साइबर ठगों ने रेवाड़ी के एक बुजुर्ग को सीबीआई अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाया। 16 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट कर फर्जी आरबीआई दस्तावेज के जरिए उनसे करीब 23 लाख रुपये ठग लिए।

साइबर ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर गांव जैनाबाद निवासी एक बुजुर्ग से करीब 23 लाख रुपये ठग लिए। एआई इमेज
HighLights
ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर बुजुर्ग को डराया।
16 दिन तक वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट रखा।
फर्जी आरबीआई दस्तावेज दिखाकर 23 लाख रुपये ठगे।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। साइबर ठगों ने मनी लांड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाकर सीबीआई अधिकारी बनकर गांव जैनाबाद निवासी एक बुजुर्ग से करीब 23 लाख रुपये ठग लिए।
आरोपितों ने बुजुर्ग को 16 दिनों तक वीडियो कॉल के जरिए डिजिटल अरेस्ट रखा और जांच के नाम पर लगातार निगरानी की।
इतना ही नहीं, भरोसा जीतने के लिए आरबीआई के लेटर पैड जैसा दिखने वाला फर्जी दस्तावेज भी भेजा। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी बताकर विश्वास में ले लिया
जानकारी के अनुसार, गांव जैनाबाद के रहने वाले सरजीत के पास 16 अक्टूबर को एक अनजान नंबर से फोन आया। वीडियो काल पर बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को दिल्ली के बाराखंभा रोड स्थित कार्यालय से सीबीआई अधिकारी विजय तिवारी बताया।
उसने सरजीत को कहा कि मनी लांड्रिंग के एक मामले में उनका नाम सामने आया है। पंकज शर्मा नामक व्यक्ति के घर से उनके नाम की आईसीआईसीआई बैंक की पासबुक बरामद हुई है। सरजीत ने संबंधित बैंक में खाता होने से इन्कार किया तो आरोपित ने उनके आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी बताकर विश्वास में ले लिया।
बैंक खातों में हुए लेन-देन की जांच करने का झांसा दिया
आरोपित ने बुजुर्ग होने के कारण सुप्रीम कोर्ट से घर बैठे जांच की अनुमति मिलने की बात कही। इसके बाद उनकी काल डिटेल, संपत्ति, यात्रा और बैंक खातों में हुए लेन-देन की जांच करने का झांसा दिया। आरोपितों ने बैंक खातों की जानकारी लेने के बाद पीपीएफ खाता बंद करवाकर उसमें जमा राशि बचत खाते में ट्रांसफर करने को कहा। हालांकि, बैंक ने नियमों के चलते खाता बंद करने से मना कर दिया।
आरटीजीएस के माध्यम से 11 लाख रुपये ट्रांसफर किए
इसके बाद ठगों ने सरजीत को हर घंटे अपनी स्थिति बताने और मैसेज में 'आई एम सेफ एट होम' लिखकर भेजने का निर्देश दिया। 27 अक्टूबर को आरोपितों ने आरबीआई के लेटर पैड जैसा दिखने वाला एक दस्तावेज भेजा, जिसमें बैंक खाते की जानकारी थी। बुजुर्ग को बताया गया कि आरबीआई की टीम आ चुकी है। इसके बाद सरजीत ने बताए गए बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 11 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
12 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए
30 अक्टूबर को आरोपितों ने बताया कि उनकी तीन जांच सही पाई गई हैं और अब पीपीएफ खाते की जांच बाकी है। इसके लिए 12 लाख रुपये और जमा कराने को कहा गया। सरजीत ने परिचितों से रुपये उधार लेकर 31 अक्टूबर को दूसरे बैंक खाते में 12 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए।
दो नवंबर को आरोपितों ने 12 लाख रुपये और भेजने का दबाव बनाया तो उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने स्वजन को पूरी घटना बताई। स्वजन की सलाह पर 17 नवंबर को पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ठगी में शामिल आरोपितों और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।