रेवाड़ी में 175 करोड़ से बदलेंगी 30 साल पुरानी सीवर-पेयजल लाइनें, मंजूरी के बाद अब लगेगा टेंडर
रेवाड़ी शहरवासियों को सीवर और पेयजल लाइन से होने वाली समस्याओं से जल्द ही स्थायी राहत मिलेगी। जनस्वास्थ्य विभाग के नए प्रोजेक्ट को मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है और अगले माह टेंडर जारी होने की उम्मीद है।
-1795285214979_m.webp)
रेवाड़ी में पुरानी सीवर-पेयजल लाइनों को रिप्लेस किया जाएगा। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
रेवाड़ी में सीवर-पेयजल लाइन प्रोजेक्ट को मुख्यालय से मंजूरी मिली।
लगभग 175 करोड़ रुपये से 30 वर्ष पुरानी लाइनें बदलेंगी।
अगले माह टेंडर जारी होने की उम्मीद, सीएम को भेजी फाइल।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। शहरवासियों को सीवर और पेयजल लाइन से होने वाली समस्याओं से जल्द ही स्थायी राहत मिलने वाली है। जनस्वास्थ्य विभाग के नए सीवर-पेयजल लाइन प्रोजेक्ट को मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है।
तकनीकी जांच के बाद फाइल को सीएम नायब सिंह सैनी के पास भेज दिया गया है। अब तकनीकी अप्रूवल मिलने के बाद प्रक्रिया एक कदम आगे बढ़ गई है। अगले माह इस प्रोजेक्ट का टेंडर लगने की उम्मीद है।
30 साल पुरानी सीवर-पेयजल लाइन होगा रिप्लेस
विभाग की तरफ से करीब 30 वर्ष पुरानी सीवर-पेयजल लाइन को रिप्लेस किया जाएगा। शहर के सभी 32 वार्डों का सर्वे कर डिटेल एस्टिमेट तैयार किया गया था। भविष्य की आबादी को ध्यान में रखकर पेयजल व सीवर लाइन की क्षमता तय की गई है।
करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से पूरे सिस्टम को बदलने का डिटेल प्रोजेक्ट बनाकर मुख्यालय को भेजा गया था। इसे अप्रुवल कराने में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव का भी अहम रोल रहा है।
तेजी से बढ़ी आबादी, नहीं बदली लाइन
शहर की आबादी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप पेयजल व सीवर लाइन नहीं बदली गई। शहर में अधिकांश स्थानों पर 30 वर्ष से भी अधिक पुरानी लाइनें लगी हैं। कई जगह तो 40 वर्ष पुरानी लाइनें ही चल रही हैं।
पुरानी छोटी लाइनों की जगह अब बड़ी साइज की नई पाइपलाइन डाली जाएगी।अधिक दबाव के कारण आए दिन शहर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है।
सड़कों पर दूषित पानी बहता रहता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर वर्षा के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं। थोड़ी सी वर्षा में ही निचले इलाकों में पानी भर जाता है।
कई वार्डों में गंभीर हालात
शहर के सेक्टर एक में सड़क पर बहता सीवर का पानी आम हो गया है। कंपनी बाग कालोनी, कुतुबपुर, लक्ष्मी नगर, आदर्श नगर, नई बस्ती आदि एरिया में सबसे अधिक परेशानी रहती है। कई-कई दिनों तक गलियों में पानी खड़ा रहता है, जिससे बीमारी फैलने का भी खतरा बना रहता है।
पेयजल लाइन को लेकर भी उठते हैं सवाल
पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई वार्डों में दूषित पानी सप्लाई होता है तो कई जगह पानी पहुंचता ही नहीं। सीवर और पानी की लाइनें साथ-साथ होने से लीकेज के कारण पानी दूषित होने की शिकायतें भी आम हैं। गर्मियों में तो हालात और बिगड़ जाते हैं। लंबे समय से पेयजल व सीवरेज लाइन को बदलने की मांग की जा रही थी।
सीवर-पेयजल लाइन प्रोजेक्ट को तकनीकी अप्रुवल मिल गई है। इसके बाद सीएम के पास फाइल भेज दी गई है। यहां से फाइल अप्रुव होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से शहर को सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और दूषित पेयजल की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी।
- विनयप्रकाश चौहान, कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में धुंध के बीच बदहाल सड़कें दे रहीं हादसों को न्योता, कहीं सिग्नल लाइटें बंद तो कहीं गहरे गड्ढे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।