रेवाड़ी में धुंध के बीच बदहाल सड़कें दे रहीं हादसों को न्योता, कहीं सिग्नल लाइटें बंद तो कहीं गहरे गड्ढे
रेवाड़ी में सर्दी की धुंध के साथ सड़कों पर गड्ढे, छिपे चेतावनी बोर्ड और अधूरे यातायात इंतजाम हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने जल्द ही सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया है।
-1795284410883_m.webp)
रेवाड़ी में धुंध के कारण हादसों का खतरा बढ़ा। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
धुंध में छिपे चेतावनी बोर्ड और गड्ढे बढ़ा रहे हादसे।
ट्रैफिक सिग्नल, स्पीड ब्रेकर, सफेद पट्टियां नदारद हैं।
अधिकारी ने सड़कों की मरम्मत का आश्वासन दिया है।
जागरण संवाददाता. रेवाड़ी। सर्दी का मौसम शुरू होते ही सुबह के समय हल्की धुंध का असर भी दिखाई देने लगा है। ऐसे में जिले की सड़कों पर वाहन चालकों के लिए हादसों का खतरा बढ़ गया है।
सड़कों के किनारे और मोड़ पर लगे चेतावनी बोर्ड पेड़ों के पीछे छिपे हुए हैं। कई जगह सड़कें टूटी हुई हैं और उनमें गहरे गड्ढे बने हुए हैं। धुंध के दौरान ये गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं।
प्रमुख चौक-चौराहों पर सिग्नल लाइट फेल
जिले में सुरक्षित यातायात को इंतजाम भी अधूरे नजर आ रहे हैं। प्रमुख चौक-चौराहों पर कहीं ट्रैफिक सिग्नल लाइट चालू नहीं हैं तो कहीं स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर पट्टियों की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में रात के समय और धुंध के दौरान वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है।

यह हाल तब है जब कुछ दिन पहले डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को सुरक्षित यातायात को लेकर निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं।
धुंध के कारण हादसों का खतरा
जिले में कई ऐसे प्वाइंट हैं, जहां धुंध के समय हर साल हादसे होते रहे हैं। इनमें दिल्ली-जयपुर-हाईवे स्थित नैचाना कट, रुद्ध पुल के समीप, बनीपुर चौक, आसलवास, निखरी और रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर गंगायचा टोल प्लाजा से पहले, पाल्हावास कट, नारनौल रोड पर हनीनगर फ्लाईओवर के टी-प्वाइंट, एचएसवीपी बाईपास पर अभय सिंह चौक, गोकलगढ़ कट, बावल रोड पर करनावास और सुठानी के समीप हादसे होते रहे हैं। काफी लोगों की जान भी जा चुकी है।
-1795285031876.webp)
न स्पीड ब्रेकर और न ही सड़क पर सफेद पट्टी
शहर के एचएसवीपी बाइपास, दिल्ली रोड, बावल रोड, भाड़ावास रोड और महेंद्रगढ़ रोड पर वाहनों की स्पीड को नियंत्रित करने के लिए कुछ जगहों पर स्पेड ब्रेकर तो बना दिए गए हैं, लेकिन यहां सफेद पट्टी नहीं है, जिससे वाहन चालकों को स्पेड ब्रेकर का पता ही नहीं चलता।
काफी जगह न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही सफेद पट्टी है। ऐसे में धुंध के समय हादसों का खतरा बना रहता है।
सड़कों पर सफेद पट्टियां समय-समय पर लगवाई जाती हैं। जल्द ही सभी सड़कों पर पट्टियां बनवा दी जाएगी। काफी सड़कों पर गड्ढे भरे जा चुके हैं, जहां अभी है, उन्हें अगले कुछ दिनों के अंदर भरवा दिया जाएगा। सड़क किनारे लगे चेतावनी बोर्ड भी पेड़ों की छंटाई कराकर जल्द ही ठीक कराए जाएंगे।
-सतेंद्र श्योराण, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी के ग्रामीण इलाकों की बदलेगी तस्वीर, सरकार की योजना से रोशन होंगे गांव; हर लाइट पर मिलेगी 4 हजार की छूट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।