रेवाड़ी के ग्रामीण इलाकों की बदलेगी तस्वीर, सरकार की योजना से रोशन होंगे गांव; हर लाइट पर मिलेगी 4 हजार की छूट
रेवाड़ी जिले की ग्राम पंचायतों में 'एसपीवी स्ट्रीट लाइटिंग फॉर रूरल एरिया' योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे गांव जगमग होंगे। प्रत्येक लाइट पर ₹17,000 की लागत आएगी।
-1795264015271_m.webp)
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रेवाड़ी की ग्राम पंचायतों में लगेंगी सोलर स्ट्रीट लाइटें।
प्रत्येक ब्लॉक में 200 सोलर लाइटें लगाने का लक्ष्य।
हरियाणा सरकार देगी ₹4,000 प्रति लाइट सब्सिडी।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले की ग्राम पंचायतों में गलियां अब सोलर लाइटों से जगमग होंगी। 'एसपीवी स्ट्रीट लाइटिंग फार रूरल एरिया' योजना के तहत गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
इस योजना के तहत जिला के प्रत्येक ब्लॉक में 200 सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस योजना का लाभ केवल ग्राम पंचायतों तक सीमित नहीं है, बल्कि जिला परिषद, ब्लाक समितियां और अन्य पात्र गैर-व्यावसायिक संस्थाएं एवं संगठन भी इस योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए अपनी मांग प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 के लिए 'एसपीवी स्ट्रीट लाइटिंग फॉर रूरल एरिया' योजना लागू की जा रही है। इच्छुक पात्र संस्थाएं अपने संबंधित क्षेत्र के बीडीपीओ के माध्यम से मांग प्रस्तुत कर सकती हैं।
17 हजार रुपये निर्धारित है स्ट्रीट लाइट की दर...
योजना के तहत प्रत्येक सोलर स्ट्रीट लाइट की दर 17000 रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें हरियाणा सरकार द्वारा 4,000 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी, जबकि शेष 13,000 रुपये प्रति लाइट का अंशदान संबंधित लाभार्थी संस्था को जमा करवाना होगा।
यह राशि हरेडा द्वारा निर्धारित बैंक खाते में जमा करवानी होगी। यह योजना मांग आधारित है और सोलर स्ट्रीट लाइटों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा।
इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध करवाने, पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।
ग्राम पंचायतों से डिमांड भिजवाने के निर्देश..
अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य परियोजना अधिकारी नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा रेवाड़ी राहुल मोदी ने कहा कि खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) अपने-अपने ब्लाक की ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइटों की मांग प्राप्त करना सुनिश्चित करें।