टूटी सड़कें और जाम बढ़ा रहे रेवाड़ी का प्रदूषण, एंटी स्मॉग गन से छिड़काव करने पर भी राहत नहीं
औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में पानी के छिड़काव और सड़कों की सफाई के बावजूद वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। नवंबर में कई दिनों तक एक्यूआई 300 से ऊपर रहा है।

एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव करते नगर परिषद के कर्मचारी। जागरण
HighLights
पानी के छिड़काव, रोड स्वीपिंग के बावजूद प्रदूषण बरकरार।
नवंबर में कई दिन एक्यूआई 300 से ऊपर दर्ज हुआ।
फुटपाथ अतिक्रमण, टूटी सड़कें, कंडम वाहन मुख्य कारण।
संवाद सहयोगी, भिवाड़ी (रेवाड़ी)। औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर परिषद की ओर से पानी के छिड़काव और सड़कों की सफाई करवाई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद शहरवासियों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। नवंबर महीने में अब तक लोगों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का मौका नहीं मिला है।
शहर के गौरव पथ पर पानी के टैंकर पर लगी एंटी स्माग गन (मिस्ट कैनन) के माध्यम से पानी की महीन फुहारों का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं रोड स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई करवाई जा रही है।
बृहस्पतिवार को भिवाड़ी के रीको औद्योगिक क्षेत्र फेज-3 स्थित प्रदूषण निगरानी केंद्र पर एक्यूआइ 268 और वसुंधरा नगर यूआइटी स्थित केंद्र पर 237 दर्ज किया गया। नवंबर में कई दिनों तक वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से ऊपर रहा।
नवंबर में कितना रहा AQI?
पांच नवंबर को रीको क्षेत्र में एक्यूआई 337, आठ नवंबर को 342 और 12 नवंबर को 339 दर्ज किया गया था। इसके अलावा महीने के अधिकांश दिनों में भी प्रदूषण का स्तर खराब स्थिति में बना रहा।
शहर में प्रदूषण बढ़ने के पीछे कई स्थानीय समस्याएं भी सामने आ रही हैं। फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण पैदल राहगीरों को परेशानी होती है, वहीं सड़कों पर वाहनों का जाम और कंडम वाहनों का संचालन भी प्रदूषण की समस्या को बढ़ा रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र में टूटी सड़कों से उड़ने वाली धूल हवा को प्रदूषित कर रही है। वाहनों की आवाजाही के दौरान सड़कों पर जमा धूल वातावरण में फैलती है। ऐसे में केवल पानी के छिड़काव और मशीनों से सफाई पर्याप्त नहीं है। प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत, फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने, कंडम वाहनों पर कार्रवाई और नियमित सफाई की जरूरत है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।