विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 31 टीमों ने 385 कनेक्शन जांचे; 85 जगह मिली चोरी

By Govind singhEdited By: Kapil Kumar
Published: Thu, 26 Nov 2026 06:44 PM (IST)

रेवाड़ी में बिजली वितरण निगम ने चोरी रोकने के लिए बृहस्पतिवार को विशेष अभियान चलाया। 31 टीमों ने 350 से अधिक कनेक्शनों की जांच की, जिसमें 85 मामलों में 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

रेवाड़ी में बिजली चोरी पकड़ी। जागरण

रेवाड़ी में बिजली चोरी पकड़ी। जागरण

HighLights

  1. रेवाड़ी में बिजली चोरी रोकने को विशेष अभियान चलाया गया।

  2. 31 टीमों ने 350 से अधिक कनेक्शनों की जांच की।

  3. 85 मामलों में 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। जिले में बिजली चोरी पकड़ने के लिए वितरण निगम की तरफ से बृहस्पतिवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निगम की 31 टीमें सुबह पांच बजे ही फील्ड में उतर गई थीं। टीमों ने जिले के विभिन्न इलाकों में 350 से अधिक कनेक्शनों की जांच की।

जांच के दौरान 80 से अधिक स्थानों पर टीम को बिजली चोरी मिलती पाई गई। बिजली चोरी करने वालों पर निगम की तरफ से 20 लाख रुपये के करीब जुर्माना लगाया गया है।

सुबह-सुबह टीमों के पहुंचने से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने टीमों को देखते ही अवैध तार हटा दिए, लेकिन तब तक टीमों ने सबूत जुटा लिए थे।निगम की तरफ से चार वर्ष के बाद स्पेशल अभियान चलाया गया है।

निगम की टीमों ने सुबह-सुबह दी दबिश

निगम के अधिकारियों के अनुसार अभियान की योजना गुप्त रखी गई थी, ताकि बिजली चोरी करने वाले पहले से सतर्क न हो सकें। सुबह पांच बजे ही निगम की 31 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना हो गईं। इनमें दूसरे जिलों से एसडीओ, जेई, लाइनमैन और पुलिस कर्मी भी शामिल रहे। टीमों ने घरों, दुकानों, फैक्ट्रियों और खेतों में लगे कनेक्शनों की जांच की।

जांच के दौरान कई तरीकों से बिजली चोरी के मामले सामने आए। कहीं मीटर के साथ छेड़छाड़ की गई थी, तो कहीं सीधे लाइन से तार डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। कहीं मीटर को बाईपास किया गया था, तो कहीं मीटर की सील टूटी मिली। कई जगहों पर स्वीकृत लोड से अधिक लोड चलाया जा रहा था।इस दौरान 135 किलोवाटर बिजली चोरी पकड़ी गई है।

20 लाख से अधिक का जुर्माना

बिजली चोरी के 85 मामलों में निगम ने संबंधित उपभोक्ताओं पर 20 लाख रुपये के करीब जुर्माना लगाया है।लगभग चार वर्ष के बाद इतने बड़े स्तर पर स्पेशल अभियान चलाया गया है। इससे पहले छोटे स्तर पर जांच होती थी, लेकिन बड़े अभियान की कमी के चलते चोरी के मामले बढ़ गए थे। कई इलाकों में लाइन लास भी बढ़ गया था। इसी को देखते हुए मुख्यालय के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।

बिजली चोरी को पकड़ने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिजली चोरी पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर औचक जांच की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वह अवैध रूप से बिजली का उपयोग न करें। यदि किसी को लोड बढ़ाना है तो नियमानुसार आवेदन कर लोड बढ़वाएं। बिजली चोरी पकड़े जाने पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई हो सकती है। - विजयपाल यादव, अधीक्षण अभियंता बिजली वितरण निगम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।