Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पानीपत स्टेशन पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, रात में रेलवे ट्रैक पर फेंका; ट्रेन गुजरने से कटा पैर

    By Jagran NewsEdited By: Sushil Kumar
    Updated: Sat, 05 Jul 2025 10:06 PM (IST)

    पानीपत रेलवे स्टेशन पर दो युवकों ने एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे सोनीपत में ट्रेन से फेंक दिया। ट्रेन से पैर कटने के बाद महिला ने अस्पताल में आपबीती सुनाई। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है महिला सदमे में है और बार-बार अपने बयान बदल रही है।

    Hero Image
    पानीपत में महिला से सामूहिक दुष्कर्म। सांकेतिक फोटो

    जागरण संवाददाता, पानीपत। दो युवकों ने पानीपत रेलवे स्टेशन पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर उसे ट्रेन से सोनीपत ले गए वहां उसे रात को ट्रैक पर फेंक दिया। महिला ट्रैक से उठकर चलने लगी तो पैसेंजर ट्रेन से उसका पैर कट गया। लोगों ने महिला को ट्रैक के पास पड़ा देखा तो सूचना जीआरपी को दी। सोनीपत जीआरपी महिला को जिला नागरिक अस्पताल ले गई, यहां से उसे रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया जहां उसका आप्रेशन हुआ।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिला ने डाक्टरों को आपबीती बताई। महिला का मेडिकल परीक्षण किया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। डाक्टरों ने इस घटना की जानकारी पानीपत पुलिस को भी दी है। सोनीपत व पानीपत जीआरपी मामले की जांच कर रही है।

    किला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत 35 वर्षीय महिला 23 जून को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई थी। उसके पति ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। 25 जून को पुलिस व स्वजन को महिला की ट्रेन से पैर कटने की सूचना मिली।

    रोहतक पीजीआइ में कई बार पूछने पर महिला ने आपबीती सुनाई। महिला ने बताया कि 24 जून की रात वह पानीपत रेलवे स्टेशन पर रात के करीब 10 बजे पानी की टंकी की ओर गई तो वहां दो युवक उसे जबरन माल गोदाम की ओर ले गए। वहां उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया।

    फिर उसे ट्रेन से सोनीपत ले गए और स्टेशन पर ट्रैक पर धक्का दे दिया। तभी पैसेंजर ट्रेन आ गई। उसने उठकर भागने की कोशिश की तो उसका पैर पटरियों में फंस गया और ट्रेन के नीचे आ गया।

    दुष्कर्म की जानकारी नहीं : प्रभारी

    महिला के गुम होने संबंधी शिकायत किला पुलिस थाना में दर्ज है। महिला मंदबुद्धि भी लग रही है। यहां उसके साथ दुष्कर्म होने संबंधी जानकारी नहीं है। मामले की जांच कर रहे हैं।

    - राजेश कुमार, प्रभारी, जीआरपी पानीपत।

    महिला बयान बदल रही है: जांच अधिकारी

    महिला का सोनीपत रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन के नीचे पैर कटा है। वह उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर गए थे। वहां से उसे रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया। महिला बार-बार बयान बदल रही है। बोर्ड से महिला का मेडिकल परीक्षण होगा। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

    -अजय कुमार, जांच अधिकारी, सोनीपत जीआरपी