करनाल लोकसभा सीट से 'विजय' की इस पार्टी से दावेदारी, राजनीति गलियारे में हलचल
भाजपा करनाल लोकसभा क्षेत्र को सुरक्षित सीट मानकर चल रही है। अब इस सीट पर प्रमुख निर्यातक अजय पालीवाल की पत्नी एवं समाजसेविका विजय लक्ष्मी पालीवाल ने टिकट की दावेदारी जताई है।
पानीपत, जेएनएन। भाजपा करनाल लोकसभा क्षेत्र को सुरक्षित सीट मानकर चल रही है। अब इस सीट पर प्रमुख निर्यातक अजय पालीवाल की पत्नी एवं समाजसेविका विजय लक्ष्मी पालीवाल ने टिकट की दावेदारी जताई है। उनके सामने आने पर भाजपा में ही टिकट की प्रतियोगिता बढ़ गई है। राजनीति के पंडितों की मानें तो कांग्रेस ने उनको करनाल लोकसभा से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था, लेकिन पालीवाल ने उनको साफ मना कर दिया था। विजय लक्ष्मी पालीवाल करनाल लोकसभा की सीट पर अपनी दावेदारी शनिवार को मीडिया से रूबरू होकर करेंगी। उन्होंने बताया कि वे पार्टी की निष्ठा के साथ सेवा कर रही हैं। समाजसेवा में लगातार जुड़ी हुई हैं।
विजय लक्ष्मी पालीवाल ने बड़ौली गोशाला में आयोजित वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे ज्ञानानंद महाराज से आशीर्वाद लिया है। शुक्रवार को ही राजनीति में उतरने के फैसले से भाजपा में ही हलचल तेज कर दी है। उनके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी के साथ पारिवारिक रिश्ते भी रहे हैं।
लोकसभा में दावेदारों की सूची हो रही लंबी
करनाल लोकसभा से भाजपा के प्रदेश महासचिव संजय भाटिया, पानीपत जिलाध्यक्ष प्रमोद विज, पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सलूजा और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता पानीपत से दावेदारी जता रहीं हैं। इनमें अब विजय लक्ष्मी पालीवाल का नाम भी जुड़ गया है। वहीं करनाल से शुगरफैड के चेयरमैन चंद्रप्रकाश कथूरिया व पूंडरी के विधायक दिनेश कौशिक के नाम भी चल रहे हैं। कुछ लोग पूर्व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा का करनाल लोकसभा क्षेत्र से टिकट पक्का बता रहे हैं। उनके समर्थकों ने जिला में जगह-जगह लड्डू बांटकर खुशी मनाई है।
सांसद के समर्थन में आए सरपंच
सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा के समर्थन में जिला की करीब एक दर्जन ग्राम पंचायत उतर आई हैं। उन्होंने जिला सरपंच एसोसिएशन के प्रधान एवं सिवाह ग्राम पंचायत सरपंच खुशदिल कादियान चोपड़ा के साथ खड़ा होने का दावा किया। खुशदिल कादियान ने कहा कि सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा ने करनाल लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराए हैं। वे सामाजिक मुद्दों पर लोगों के साथ खड़े रहते थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।