दुष्कर्म का केस वापस लेने की बात कहकर, कैथल में महिला ने युवक से हड़पे लाखों रुपये
कैथल में महिला ने दुष्कर्म का केस वापस लेने की बात कहकर हड़पे साथ लाख रुपये। युवक ने इस मामले में पुलिस में शिकायत देकर महिला के विरुद्ध केस दर्ज करवाया है। कैथल जिले में इस तरह का मामला पहले भी सामने आ चुका है।

कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल शहर की एक कालोनी निवासी युवक पर पिछले साल जुलाई माह में दर्ज दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी के मामले को वापस लेने की एवज में महिला ने सात लाख रुपये हड़प लिए। अब महिला इस युवक पर डेढ़ से दो लाख रुपये देने का दबाव बना रही है। युवक ने इस मामले में पुलिस में शिकायत देकर महिला के विरुद्ध केस दर्ज करवाया है। सिटी पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहताश ने बताया कि पुलिस ने महिला के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
बता दें कि 26 जुलाई 2021 को महिला ने शहर की एक कालोनी निवासी युवक के विरुद्ध सिविल लाइन थाना में महिला से दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज करवाया था। अब इस मामले को वापस लेने की एवज में महिला युवक से पैसे हड़प रही है। अब तक युवक सात लाख रुपये दे चुका है। अब महिला इससे ज्यादा पैसों की मांग कर रही है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत में बताया कि महिला ने अब दोबारा से डेढ़ से दो लाख रुपये और देने की मांग की है। पैसे नहीं दिए तो मामला वापस नहीं लेने की धमकी दी जा रही है।
पहले भी सामने आ चुका है इस तरह का मामला
कैथल जिले में इस तरह का मामला पहले भी सामने आ चुका है। चंडीगढ़ निवासी एक महिला ने कैथल के एक व्यापारी को दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपये हड़प लिए थे। पुलिस ने इस मामले में महिला को गिरफ्तार कर लिया था। शहर की एक कालोनी निवासी व्यक्ति ने बताया था कि वर्ष 2015 से चंडीगढ़ में रहना शुरू किया था। वह सेक्टर 22 में मोबाइल खरीदने व बेचने का काम करता था। इस दौरान 16 दिसंबर 2017 को वह अपने दोस्तों के साथ होप हाइवे क्लब गया था। जहां दोस्तों ने उसकी मुलाकात जसलीन कौर नामक एक महिला से करवाई। वह मोहाली में एक क्लब में काम करती थी। उस दिन महिला का जन्मदिन था इसके बाद वह महिला के संपर्क में आ गया।
वे दोनों अच्छे दोस्त बन गए। दोनों में सहमति से शारीरिक संबंध बन गए। इसके बाद इस महिला ने उससे आर्थिक सहायता लेनी शुरू कर दी। बाद में वह पूर्ण रुप से उसी पर निर्भर हो गई। उसने कुल 50 लाख रुपये आरोपित महिला को दिए। इसके बाद भी महिला और ज्यादा पैसे मांग रही थी। पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस में केस दर्ज करवाकर महिला को गिरफ्तार करवाया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।