Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खतरे के निशान को पार कर गया एक्यूआई, दीवाली पर आतिशबाजी से और बिगड़ेगी हवा; पटाखे छोड़ने पर झगड़ा, 10 घायल

    Updated: Thu, 31 Oct 2024 08:36 AM (IST)

    पानीपत की वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है और खतरे के निशान को पार कर चुकी है। बुधवार को एक्यूआई 187 दर्ज किया गया लेकिन वीरवार और शुक्रवार को इसके खतरे के निशान से ऊपर जाने की आशंका है। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने कई कदम उठाए हैं जिसमें पटाखों की बिक्री और जलाने पर प्रतिबंध शामिल है।

    Hero Image
    Pollution: दीवाली पर और बिगड़ेगी हवा, खतरे के निशान को पार चुकी एक्यूआई।

    जागरण संवाददाता, पानीपत। टेक्सटाइल नगरी की वायु गुणवत्ता एक सप्ताह से लगातार बिगड़ रही। खतरे के निशान को पार कर चुकी एक्यूआई 450 ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से लेकर अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी। बुधवार को पूरे दिन चली हवा से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ, एक्यूआई 187 रिकॉर्ड किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वीरवार और शुक्रवार को एक्यूआई खतरे के निशान से ऊपर जा सकता है। पटाखों का प्रदूषण न बढ़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने बिक्री और जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। ग्रीन पटाखे जलाने की भी समयावधि तय कर दी है। पराली और खुले में कूड़ा जलाने वालों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करने के लिए टीमें गठित की हैं।

    वीरवार को अधिकतम तापमान महज 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति औसतन 15 से 20 किलोमीटर प्रति घटे की रफ्तार से रही।

    प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम वायु गुणवत्ता में सुधार बनी रहे इसके लिए औद्योगिक इकाइयों से लेकर निर्माण स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।

    पटाखे बजाने पर पड़ोसियों में झगड़ा, 10 घायल

    आतिशबाजी चलाने को लेकर गांव कलहेड़ी में दो पक्षों में विवाद हो गया। जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें तीन महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए। घायलावस्था में सभी को घरौंडा अस्पताल में दाखिल करवाया गया। चार घायलों को करनाल ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

    बुधवार देर रात करीब दस बजे निशांत व अजय अपने परिवार के साथ घर के बाहर पटाखे बजा रहे थे। उनके घर के पास ही रहने वाले दूसरे पक्ष के लोगों ने एतराज जताया। विरोध होते देख निशांत पक्ष के लोगों ने कहा कि आप भी तो डीजे बजा रहे हैं। इसी बात को लेकर लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

    मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे व पत्थर चले। अजय, अंजू, नीतू, पंकज, निशांत व विजय समेत करीब 10 व्यक्ति घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को घरौंडा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चार व्यक्तियों की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। निशांत पक्ष के लोगों का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उनके घरों के दरवाजे इत्यादि भी तोड़ डाले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    यह भी पढ़ें- हरियाणा के NHM कर्मचारियों को दीवाली का 'नायाब' तोहफा, भत्ते पर रोक के आदेश वापस; मिलती रहेंगी ये सेवाएं