यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Weather News: दोपहर बाद छाए बादल, ठिठुरन बढ़ी, बाजारों में लगी गर्म कपड़ों की सेल
ठंड रूकने का नाम ही नहीं ले रही है। जहां दोपहर में तेज धूप के खिलने पर तापमान में गिरावट ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पानीपत : हिमालय पर आए पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा के कारण मौसम में बदलाव है। शनिवार को दोपहर बाद बादल छा गए। शीतलहर चलने के साथ ठिठुरन बढ़ गई। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह बादल छाए रहे दिन में धूप तो निकली लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। शीत लहर चलने के कारण वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। एक दिन पहले शुक्रवार को हुई हल्की बारिश से वायु प्रदूषण से राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय पर बना हुआ है। इसके साथ ही अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नम हवा भी गंगा के मैदानी क्षेत्र में आ रही है। इन मौसम प्रणालियों के कारण आसमान में बादल छा रहे हैं।
दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 22 जनवरी से हिमालय तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद बादल और घने होंगे और 23 से 25 जनवरी तक हल्की वर्षा और बूंदाबांदी हो सकती है। न्यूनतम तापमान बढ़ने के आसार हैं, इससे गलन वाली सर्दी से राहत मिल सकती है। एयर क्वालिटी इंडेक्स पीएम 10 का स्तर 120 अंक दर्ज किया गया।
गर्म कपड़ों की लगाई गई सेल
जनवरी में बाजारों में गर्म कपड़ो की सेल लग जाती है। मकर संक्रांति के बाद सर्दी कम होने लगती है। इस बार सर्दी कम नहीं हुई। बाजारों में समर सीजन की तैयारी शुरू हो गई। गर्म कपड़ों की सेल लगाई गई है। इंसार बाजार, चौडा बाजार, सुभाष बाजार में काउंटरों पर सेल का माल रखा गया है। लोग भी सेल में कपड़े अधिक खरीद रहे हैं।
