विभाजन विभीषिका पर चित्र प्रदर्शनी और डाक्यमेंट्री से दिखाई जाएगी पीड़ा, हरियाणा सीएम होंगे मुख्यातिथि
विभाजन विभीषिका को लेकर हरियाणा में पहला कार्यक्रम 14 अगस्त रविवार को थानेसर अनाज मंडी में किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्यातिथि होंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समारोेह में वर्चुअल रूप से जुडेंगे। इसमें प्रदेशभर से लाखों लोग पहुंचेंगे।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। विभाजन विभीषिका दिवस पर 14 अगस्त को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी और डाक्यूमेंट्री फिल्म से विभाजन की पीड़ा लोगों को दिखाई जाएगी। डाक्यूमेंट्री के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसमें पाकिस्तान को छोड़कर भारत आने वाले लोगों की जुबानी बात होगी। यहां पंचनद स्मारक ट्रस्ट मसाना गांव में स्मारक बनाने के लिए 25 एकड़ जमीन के कागज सरकार को दान के रूप में देगी। इसमें एक एकड़ स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दान की है।
2021 में लिया गया था ये फैसला
पंचनद स्मारक ट्रस्ट के प्रदेशाध्यक्ष एवं थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने वीरवार को थानेसर अनाज मंडी में कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने से पहले पत्रकारों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2021 में हर साल 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री मनोेहर लाल ने आगे आकर इसको इसी वर्ष से मनाने का फैसला लिया।
प्रदेश में पहला कार्यक्रम 14 अगस्त रविवार को थानेसर अनाज मंडी में किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्यातिथि होंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समारोेह में वर्चुअल रूप से जुडेंगे। इसमें प्रदेशभर से लाखों लोग पहुंचेंगे। अनाज मंडी में शेड के नीचे तिरंगा पंडाल सजाया गया है। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय करीब 10 लाख लोगों ने बलिदान दिया था। ये बलिदानी आज तक गुमनाम थे। उन्होंने आगे आकर 2006 में उनको पहली श्रद्धांजलि दी थी। इसके बाद हरिद्वार व बिहार के गया में लोगों को लेकर गए।
घर छोड़ दिया, लेकिन धर्म नहीं बदला
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि विभाजन के समय उन पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया। उन्होंने पाकिस्तान में अपना सबकुछ छोड़ना पसंद किया, लेकिन धर्म नहीं बदला। परिवार की महिलाओं और बच्चियों की इज्जत बचाने के लिए जहर तक पिलाना पड़ा। वे तीन कपड़ों में हिंदुस्तान आए थे। वे मेहनत और इमानदारी के साथ काम कर आज प्रदेश व देश नहीं पूरे विश्व में नाम कमा रहे हैं।
200 करोड़ में बनेगा संग्रहालय
पंचनद स्मारक ट्रस्ट ने सरकार के सामने संग्रहालय बनाने की मांग रखी। ट्रस्ट ने इसके लिए कुरुक्षेत्र के मसाना गांव में 25 एकड़ जमीन ली। अब यह जमीन सरकार को दान दी जाएगी। सरकार ने यहां संग्रहालय बनाने के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया है। इसके ऊपर भी प्रस्ताव गया तो सरकार इसको पूरा बनाएगी।
हरियाणा इतिहास एवं संस्कृति अकादमी लगाएगी चित्र प्रदर्शनी
हरियाणा इतिहास एवं संस्कृति अकादमी के निदेशक एवं पंचकूला डीसी महावीर कौशिक ने बताया कि अकादमी आयोजन स्थल पर बड़ी प्रदर्शनी लगाएगी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी में लगभग 200 चित्रों, उस समय के समाचार पत्रों की कटिंग, कार्टून और चार्टों के माध्यम से विभाजन के दर्द को दिखाया जाएगा। यह देश की पहली चित्र प्रदर्शनी होगी। जिसमें विभाजन के आंसू दिखेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।