नीरज चोपड़ा को परम विशिष्ट सेवा मेडल सम्मान, जानिए क्यों नहीं जा पाएंगे गणतंत्र दिवस पर दिल्ली
Neeraj Chopra ओलिंपिक में जैवलिन थ्रो में देश को गोल्ड दिलाने वाले नीरज चोपड़ा को परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। हालांकि इस सम्मान के लिए नीरज चोपड़ा और उनका परिवार कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएगा।

थर्मल (पानीपत), संवाद सहयोगी। टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने वाले खेल रत्न नीरज चोपड़ा को पद्मश्री और परम विशिष्ट सेवा मेडल सम्मान मिलेगा। कुल 384 लोगों के लिए वीरता पुरस्कार का एलान किया गया , जिसमें स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा भी हैं। गणतंत्र दिवस पर नीरज चोपड़ा को यह सम्मान मिलेगा। हालांकि नीरज इस समय अभ्यास के लिए कैलिफोर्निया में हैं। परिवार भी दिल्ली नहीं जा रहा। सभी सदस्य पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे।
नीरज के चाचा भीम चोपड़ा ने जागरण को बताया कि नीरज को विशिष्ट सेवा मेडल पहले ही मिल चुका है। अब उसे परम विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजा जाएगा। किसान पिता सतीश चोपड़ा ने जागरण से बातचीत में कहा कि उन्हें पूरे देशवासियों का प्यार मिल रहा है। नीरज पूरे देश का बेटा है। वह इस समय अभ्यास के लिए कैलिफोर्निया गया हुआ है। कोविड महामारी को देखते हुए परिवार दिल्ली गणतंत्र दिवस में पर शामिल नहीं हो पाएगा। उनका परिवार पानीपत में गणतंत्र दिवस समारोह में जरूर भाग लेगा।
जानें क्या कहा नीरज ने
ओलिंपियन नीरज चोपड़ा ने ट्वीट करते हुए कहा कि सभी को नमस्कार। परम विशिष्ट सेवा मेडल और पद्मश्री के लिए पता चला। काफी खुशी है। आप सभी की शुभ कामनाओं के लिए धन्यवाद। यहां पर अभी सुबह ट्रेनिंग के लिए आए हैं। ऐसे ही मेहनत करते रहेंगे और आगे भी देश के लिए मेडल जीतने की कोशिश करता रहूंगा।
जानें नीरज की उपलब्धियां
1- भारत के ओलिंपिक इतिहास में पहली बार नीरज चोपड़ा के रूप में किसी एथलीट ने जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता।
2-2016 के वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में नीरज ने 86.48 मीटर तक भाला फेंका। केवल 18 की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया। अंडर 20 का वर्ल्ड रिकार्ड अपने नाम कर लिया।
3-82.23 मीटर का है राष्ट्रीय रिकार्ड, इसकी बराबरी की। गुवाहाटी में हुए दक्षिण एशियाई खेलों में नीरज ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा।
4-कामनवेल्थ गेम्स में नीरज ने स्वर्ण पदक जीता, देश का नाम रोशन किया। इसके बाद से उनसे उम्मीद और बढ़ गईं
5-2018 में जर्काता में हुए थे एशियाई खेल। तब तीसरे प्रयास में 88.06 मीटर की दूरी तक भाला फेंका। यह उनका नया रिकार्ड रहा। स्वर्ण पदक भी जीता।
6-पटियाला में उन्होंने पांचवें प्रयास में 88.07 मीटर तक भाला फेंका और अपना नया रिकार्ड बनाया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।