पानीपत में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग से किया रेप, पीड़िता ने मृत बच्चे को दिया जन्म
पानीपत के समालखा में एक नाबालिग लड़की ने अस्पताल में मृत बच्चे को जन्म दिया। जांच में पता चला कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक युवक ने उससे दुष्कर्म किया था। लड़की की मां ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बच्चे का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।

जागरण संवाददाता, समालखा (पानीपत)। पानीपत के समालखा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 16 वर्षीय नाबालिग द्वारा स्थानीय उपमंडल अस्पताल (एसडीएच) में एक मृत बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है। नाबालिग दसवीं पास है। पेट में दर्द होने के बाद वह मां के साथ वीरवार सुबह एसडीएच में उपचार कराने के लिए आई थी।
महिला डॉक्टर ने नाबालिग की जांच की तो उसके गर्भवती होने का पता चला। फिर उसने नाबालिग को भर्ती कर लेबर रूम में जांच की तो पेट में बच्चे के मरे होने और उसके द्वारा शौच करने की जानकारी मिली। उसके बाद नाबालिग की सामान्य डिलीवरी करवाकर बच्चे को बाहर निकाला गया। साथ ही डॉक्टर ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
अब तक जांच में सामने आया है कि किशोरी की एक युवक से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। उसने किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। इससे वह गर्भवती हो गई थी। किशोरी की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया की किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी बेटी के साथ गलत काम किया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सूचना मिलने के बाद नारी तू नारायणी उत्थान समिति की प्रधान सविता आर्या ने पूर्व सीडब्ल्यूसी सदस्य सरोज आट्टा के साथ एसडीएच जाकर नाबालिग से बात की। सविता आर्य ने बताया कि नाबालिग के अनुसार उसकी इंस्टाग्राम पर करनाल के युवक से दोस्ती हुई। वह इसे पानीपत के देवी लाल पार्क और एक होटल में भी लेकर गया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसमें होटल मालिक की भी मिलीभगत है।
किशोरी ने बताया कि आरोपित युवक अपनी आईडी देता था, जबकि होटल वाला उसकी जगह किसी बालिग लड़की की आईडी लगा देता था। होटल मालिक पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। वह इस बारे में एसपी से मिलकर आरोपितों पर कार्रवाई की मांग करेगी। यह गंभीर मामला है।
समालखा पुलिस थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि बच्चे का डीएनए टेस्ट होगा। उसके लिए सैंपल लेकर मधुबन, करनाल भेजा जाएगा। नाबालिग की मां की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ पोस्को कानून सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग कई लोगों का नाम बोलती और फिर बेहोश हो जाती है। नाबालिग के होश में आने पर उसका बयान लिया जाएगा। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।