घर के आंगन में ही तैयार कर दिया बगीचा
सेक्टर 13-17 में रहने वाले सुशील आहूजा ने अपने पूरे घर में पौधे लगाकर बगीचा ही तैयार किया है। इसमें 700 से अधिक पौधे लगाए हैं। 200 फूलों के हैं।
जागरण संवाददाता, पानीपत : पर्यावरण को साफ-सुथरा व ऑक्सीजन की कमी दूर करने के लिए लोग घरों में नए-नए तरीकों से ऑक्सीजन वाले पौधे लगा रहे हैं। काफी लोगों ने तो लॉकडाउन में बगीचे तैयार कर दिए हैं। इसी तरह सेक्टर 13-17 में रहने वाले सुशील आहूजा ने अपने पूरे घर में पौधे लगाकर बगीचा ही तैयार किया है। इसमें 700 से अधिक पौधे लगाए हैं। 200 फूलों के हैं। खास बात यह है कि सभी पौधे ऑक्सीजन देने वाले हैं। सुशील को पौधे लगाने का शौक बचपन से ही है।
उन्होंने बताया कि बगीचा बनाकर रात को लाइटिग की व्यवस्था बनाई गई। रात को काफी सुंदर दृश्य दिखाई देता है। इसमें सबसे ज्यादा खंजूर, ईविका पॉम व चवा के पेड़ लगाए हैं। अब दूसरे लोग भी पौधों के बारे में जानकारी ले रहे हैं कि इनकी इतने अच्छे से कैसे देखभाल की है। इसके लिए सुशील ने पौधों के स्पेशलिस्ट से बात कर उनमें जैविक खाद का प्रयोग किया है। सुशील का बेटा मॉडल टाउन में रहता है। वह उसके यहां भी पौधों को तैयार भेजते हैं।
इन प्रजाति के पौधे लगाए
इन्होंने एलोवेरा, एलोवेरा मेडिसन, खंजूर, ईवेका पॉम, बोतल पॉम, मनी प्लांट, पोथो, पीपल, गुडमार्क, मरवा, तुलसी के पौधे ज्यादा लगाए हैं।
--------------
विश्व जागृति मिशन ने शुरू की ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सेवा
जासं, पानीपत : विश्व जागृति मिशन ने कोरोना संक्रमित मरीजों की सेवा के लिए ऑक्सीजन सेवा शुरू की है। मिशन के जिला प्रधान डा.जगजीत आहूजा ने बताया कि सुधांशु महाराज के आशीर्वाद से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की निशुल्क सेवा शुरू की है। मिशन के पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर हैं। इनकी क्षमता 10 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन देने की है। ये 24 घंटे उपलब्ध हैं। इनका संचालन तकनीकी टीम द्वारा किया जाएगा। इस सेवा का लाभ लेने के लिए डॉक्टर की पर्ची एवं मरीज का आधार कार्ड साथ लाना आवश्यक है। यह सेवा उन लोगों के लिए जरूरी है, जिनको अस्पताल में बेड नहीं मिल रहा है और ऑक्सीजन की जरूरत है। इस सेवा के लिए पानीपत मंल की कार्यकारिणी की विशेष बैठक बुलाई गई। राम नारायण रावल, आचार्य रत्नेश त्रिपाठी, हुक्म चंद शास्त्री, यशपाल चौधरी एवं विनोद चौहान उपस्थित रहे। आक्सीजन कंसंट्रेटर सेवा के डॉ जगजीत आहूजा के नंबर 9315492480, राम नारायण रावल के नंबर 9812002727 एवं भीम डुडेजा के नंबर 9812200883 पर संपर्क कर सकते हैं।