जानिए कौन है तेजिंदर पाल सिंह बग्गा, जिनके लिए तीन राज्यों की पुलिस के बीच छिड़ गई महाभारत
Tajinder Bagga arrest updates तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के लिए तीन राज्यों की पुलिस के बीच महाभारत छिड़ गई है। हरियाणा पंजाब और दिल्ली पुलिस के बीच कानूनी जंग चल पड़ी है। एक दूसरे राज्यों की पुलिस पर ही केस दर्ज कर लिया गया है।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बग्गा का नाम पहले भी सुर्खियों में रहा है। उन्होंने कश्मीर फाइल फिल्म रिलीज होने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर टिप्पणी की थी। इसी बीच पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बन गई। पंजाब में बग्गा के खिलाफ आइटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
बग्गा मात्र 16 साल की आयु में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। 23 वर्ष की उम्र में भाजयुमो में सबसे कम आयु के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बने। इसके बाद उनको दिल्ली भाजपा में प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया। तब भी वे सबसे कम आयु के प्रवक्ता बने थे।
भाजपा ने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में हरिनगर से बग्गा को टिकट दिया था। वे यहां भी सबसे कम आयु के उम्मीदवार थे। उनके पास अब भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता की जिम्मेदारी है। इसके अलावा नई दिल्ली स्थित राष्ट्रवादी दक्षिणपंथी संगठन भगत सिंह क्रांति सेना के संस्थापक सदस्य भी हैं।
कुछ इस तरह हुआ घटनाक्रम
शुक्रवार को नाटकीय घटनाक्रम के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को जनकपुरी स्थित आवास से पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। स्वजन की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण, लूट, डकैती का मामला दर्ज किया। फिर हरियाणा पुलिस के सहयोग से बग्गा को मुक्त करा लिया। पंजाब पुलिस इसके खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट पहुंच गई। कोर्ट ने शनिवार तक हरियाणा सरकार और दिल्ली पुलिस को जवाब दाखिल करने के आदेश दिए। उधर, दिल्ली पुलिस ने बग्गा को देर रात गुरुग्राम में मजिस्ट्रेट सिद्धा त्रिपाठी के आवास पर पेश किया, जिसके बाद वह घर के लिए रवाना हो गए। बयान सोमवार को दर्ज होंगे। वकील संकेत गुप्ता ने बताया कि भाजयुमो नेता बग्गा को पीठ और कंधे में चोट लगी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।